किसान आंदोलन तेज:मुजफ्फरनगर में आज किसान महापंचायत, गाजीपुर बॉर्डर खाली करवाने पहुंची पुलिस आधी रात को लौटी: नई दिल्ली
गाजीपुर बॉर्डर पर गुरुवार को फ्लैग मार्च के बाद यह लगभग तय था कि UP पुलिस एक्शन लेगी। लेकिन, UP-हरियाणा में किसानों को दिल्ली की तरफ बढ़ते देख पुलिस पीछे हट गई।
किसान आंदोलन के 64वें दिन यानी गुरुवार को गाजीपुर बॉर्डर पर जमकर एक्शन हुआ। शाम 4 बजे तक भारी पुलिस बल की तैनाती और UP सरकार के धरना खत्म करवाने के आदेश के बाद माहौल ऐसा बन गया था कि किसानों को घर भेज दिया जाएगा। लेकिन, आधी रात को पुलिस को लौटना पड़ा। क्योंकि, किसानों ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी थी। इसी सिलसिले में आज 11 बजे मुजफ्फरनगर में महापंचायत बुलाई गई है।
टिकैत धरना खत्म करने को राजी थे, विधायक की धमकी से अड़ गए
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत शाम 6 बजे अफसरों के साथ बैठक के दौरान धरनास्थल से हटने को तैयार हो गए थे। लेकिन, कुछ देर बाद भाजपा विधायक नंद किशोर की एंट्री से मामले ने यू-टर्न ले लिया।
नंद किशोर अपने समर्थकों के साथ धरनास्थल के पास पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से कहा कि आंदोलनकारियों को रविवार तक हटा लें, वरना हम हटाएंगे। इसके बाद टिकैत भड़क गए। उन्होंने कहा कि ‘भाजपा का विधायक पुलिस फोर्स के साथ मिलकर किसानों का कत्लेआम करने आया है। इसलिए अब हम कहीं नहीं जा रहे।’ राकेश टिकैत के बड़े भाई नरेश टिकैत ने भी कहा कि अब तीनों काले कानूनों का निपटारा करके ही लौटेंगे।
रात 10 बजे टिकैत के गांव में ऐलान- हर किसान गाजीपुर पहुंचेगा
गाजीपुर बॉर्डर पर बदले हालात को देखते हुए रात 10 बजे मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव में राकेश टिकैत के घर पर ‘गाजीपुर कूच’ के नारे लगाती भीड़ जुटी। इसी बीच, जाट नेता और RLD प्रमुख अजीत सिंह ने राकेश टिकैत को फोन कर आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की। RLD के ही नेता जयंत चौधरी ने भी कहा कि वे शुक्रवार को टिकैत से मिलेंगे। इसके साथ ही पूरे मामले में जाट पॉलिटिक्स की एंट्री हो गई।
रात 11 बजे से मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, शामली और बागपत से लोगों ने गाजीपुर के लिए कूच शुरू कर दिया। UP के अलावा हरियाणा में भी कई खापों ने ऐलान कर दिया वे भी दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचेंगी। हरियाणा के भिवानी से 1 हजार ट्रैक्टरों पर किसान रवाना भी हो गए। दोनों राज्यों में हालात बिगड़ते देख गाजीपुर बॉर्डर पर कार्रवाई के आदेश का इंतजार कर रही पुलिस फोर्स पीछे हटनी शुरू हो गई।
लाठी-गोली की बात करने वाले टिकैत के आंसू निकले
गाजीपुर बॉर्डर पर UP पुलिस ने गुरुवार शाम 4 बजे धरनास्थल को चारों तरफ से सील कर दिया। भारी पुलिस की मौजूदगी में किसानों को हटने का नोटिस थमाया गया। अफसरों ने कहा कि धरना हटाकर रहेंगे। इसका असर यह हुआ कि लाठी और गोली वाले बयानों से विवादों में आए टिकैत इमोशनल दांव खेल गए। उन्होंने रोते हुए कहा कि 'मुझे मारने की साजिश रची जा रही है। मैं खुदकुशी कर लूंगा। देश के किसानों को बर्बाद नहीं होने दूंगा।'


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें