मानसून ट्रैकर:महाराष्ट्र-कर्नाटक पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून; अगले 48 घंटों में गोवा, आंध्र प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के हिस्सों में पहुंचेगा: मुंबई/बेंगलुरू - AKB NEWS

मानसून ट्रैकर:महाराष्ट्र-कर्नाटक पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून; अगले 48 घंटों में गोवा, आंध्र प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के हिस्सों में पहुंचेगा: मुंबई/बेंगलुरू


महाराष्ट्र और कर्नाटक में शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच गया। इससे दोनों राज्यों के तटीय हिस्सों में बारिश हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून उम्मीद के मुताबिक रहा। यह महाराष्ट्र के तटीय जिले रत्नागिरी के हरनाई बंदरगाह पहुंचा। इससे दक्षिण कर्नाटक जिले में बारिश भी हुई। मानसून के आगे बढ़ने की दशाएं अनुकूल हैं। यह मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ सकता है।

IMD के मुताबिक, मानसून अगले 48 घंटों में गोवा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। दक्षिण महाराष्ट्र से केरल तक एक ट्रफ बना हुआ है। इससे निचले तटों में तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

IMD के मुताबिक अगले 24 घंटों में केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि मानसून मध्य भारत में सामान्य से अधिक और पूर्व, पूर्वोत्तर में सामान्य से कम रह सकता है।

राजस्थान: जून के अंत तक पहुंचेगा मानसून
प्रदेश में मानसून की एंट्री जून के अंत तक होगी। हालांकि, उससे पहले जमकर प्री-मानसून बरसात हो रही है। शनिवार को भी जयपुर, बीकानेर सहित कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बीकानेर में 13.0, पिलानी 6.1, सीकर में 2.0 मिमी बारिश हुई। इसकी वजह से 50 के करीब रहने वाला पारा 40 डिग्री के करीब बना हुआ है। शनिवार को सिर्फ 7 ही शहरों में दिन का पारा 40 डिग्री से अधिक रहा। 41.5 डिग्री के साथ पाली सबसे गर्म रहा।

छत्तीसगढ़: एक-दो स्थानों पर को हल्की बारिश की संभावना
लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार रायपुर सहित आधे छत्तीसगढ़ में मानसून औसतन 15 जून तक पहुंच जाता है। इससे तीन-चार दिन पहले प्री-मानसून शॉवर शुरू हो जाता है। 6 जून को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर को हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो जगह तेज अंधड़ चलने तथा बिजली गिरने की संभावना है।

11 जून को मुंबई और 27 जून को दिल्ली पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में दक्षिण अरब सागर और मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, केरल के बाकी हिस्सों, लक्षद्वीप, तमिलनाडु के कुछ भागों, पुडुचेरी, तटीय एवं कर्नाटक के अंदरूनी दक्षिणी हिस्सों, रायलसीमा और दक्षिण एवं मध्य बंगाल की खाड़ी की तरफ बढ़ेगा। आमतौर पर मुंबई में मानसून आने की सामान्य तारीख 11 जून, दिल्ली में 27 जून, चंडीगढ़ में 28 जून तथा बाड़मेर में 5 जुलाई है।

3 जून को केरल पहुंचा था मानसून

मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दी थी। इसके सभी मानक पूरे होने के बाद मौसम विभाग ने मानसून के केरल पहुंचने की घोषणा की थी। इस बार मानसून 2 दिन लेट है। दक्षिण पश्चिम मानसून के केरल में पहुंचने की स्थितियां कुछ दिन पहले ही बनना शुरू हो गई थीं। मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि इस बार बारिश सामान्य से बेहतर 101% होगी। इसके 4% कम या ज्यादा होने की गुंजाइश भी रहेगी। 

Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads