श्रीराम जन्मभूमि पूजन कल देवस्थान, दुकान व मकान में दीपोत्सव मनाएं : विहिप
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के गिरिडीह जिला प्रचारक प्रमुख धीरेंद्र कुमार ने रामजन्म भूमि अयोध्या में भूमिपूजन के मौके पर लोगों से देवालय, मकान और दुकानों में दीपोत्सव मनाने का आह्वान किया है। कहा है कि श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में 5 अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भूमि पूजन कार्यक्रम के निमित्त कोरोना महामारी के कारण मुख्य रूप से 200 अतिथियों का आमंत्रण पत्र श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा भेजा गया है।
झारखंड से सवा तीन करोड़ झारखंडवासियों का प्रतिनिधित्व विहिप के वरिष्ठ कार्यकर्ता और धर्म प्रसार परियोजना प्रांत प्रमुख धनेश्वर राम मुंडा एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मार्गदर्शक मंडल प्रमुख स्वामी श्री कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी को अतिथि स्वरूप आमंत्रित किया गया है। विहिप जिला गिरिडीह आम जनमानस से अपील करती है कि जिले के तमाम मठ व मंदिरों में इस दिन जाप, हवन, पूजा आदि धूमधाम से करें एवं अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों पर भगवा पताका अवश्य लहराएं। साथ ही संध्या पहर अपने-अपने देवस्थान घर, मकान, दुकान, प्रतिष्ठान आदि में दीपोत्सव मनाएं।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें