बालू उठाव का विरोध करने वाले माले नेता ट्रैक्टर मालिकों के पक्ष में उतरे
उसरी बचाओ अभियान के नाम पर बालू उठाव पर रोक लगाने की मांग करने वाले माले नेता अब बालू उठाव चालू करने के पक्ष में उतर आए हैं। बालू कारोबारियों का श्रेय सिर्फ भाजपा को ही नहीं मिल जाए यह देख माले नेता राजेश सिन्हा ने पलटी मार दी। पहले जिन बालू ट्रैक्टरों को बालू घाटों पर जाने से रोकने आंदोलन पर उतारू थे, ड्रोन कैमरा लगवा रहे थे। अब वही बालू ट्रैक्टर मालिकों के साथ खड़े हैं। पहले नदी से बालू उठ जाने की चिंता उन्हें सता रही थी, अब ट्रैक्टर मालिकों और मजदूरों की चिंता से परेशान हैं।
रविवार को महादेव तालाब के पास ट्रैक्टर यूनियन के पदाधिकारी की बैठक हुई, जिसमें राजेश सिन्हा भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान के तहत उन्होंने प्रशासन और प्रतिनिधि को आवेदन दिया था कि बालू उठाव के लिए सरकार जगह जगह चिन्हित करें। बालू उठाव पर रोक होने से जिले भर के 5 हजार मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है। ट्रैक्टर मालिक भी परेशान हैं। बैठक एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष गोपाल कुमार सिंह की अगुवाई में हुई।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें