गोइलकेरा में चारों ओर से घिरा 22 हाथियों का झुंड
गोइलकेरा में पिछले पांच दिनों से 22 हाथियों का एक झुंड रतनबुरु की पहाड़ी पर फंसा हुआ है। यह पहाड़ी गोइलकेरा प्रखंड मुख्यालय से बमुश्किल दो किमी की दूरी पर है। हाथियों का झुंड चारों ओर से बस्तियों से घिरा हुआ है और इन्हें जंगल में लौटने का अब रास्ता नहीं मिल रहा। पहाड़ी के एक ओर दोड़बो, और धातकीडीह तो दूसरी ओर पुराना गोइलकेरा और बड़ैला जैसे गांव बसे हुए हैं।
दिनभर गजराजों का दल पहाड़ी पर रहता है। शाम होते ही ये भोजन की तलाश में गांवों में घुस जाते हैं। इसी दौरान पहाड़ी के चारों ओर के गांवों के लोग भी पटाखे और मशाल लेकर हाथियों को गांव में घुसने से रोकने के लिए सक्रिय हो जाते हैं।
हाथियों को तंग न करें, उन्हें जाने का रास्ता दें : रेंजर
गोइलकेरा के निकटवर्ती गांवों में हाथियों के आ धमकने और उनके द्वारा किए गए नुकसान पर बेरा वन प्रक्षेत्र के रेंजर निरंजन कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोग हाथियों को तंग न करें और उन्हें जाने का रास्ता दें। हाथियों को चारों ओर से घेर लिए जाने के कारण वे जंगल में वापस नहीं लौट पा रहे हैं। हाथियों द्वारा गांवों में जो भी नुकसान किया गया है, वन विभाग उसके लिए सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा देगा। लोगों को पटाखे, मोबिल, किरासन आदि मुहैया कराया जा रहा है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें