शिकारीपाड़ा के झामुमो विधायक नलिन सोरेन चुने गए 2020 के उत्कृष्ट विधायक
झामुमो विधायक नलिन सोरेन को वर्ष 2020 का उत्कृष्ट विधायक चुना गया है। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने गुरुवार को कांके रोड स्थित अपने आवास पर नलिन सोरेन के उत्कृष्ट विधायक चुने जाने की घोषणा की। दुमका के शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1990 में पहली बार विधायक बने नलिन इस क्षेत्र से लगातार सात बार विधायक चुने गए हैं।
झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर 22 नवंबर को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू इन्हें सम्मानित करेंगी। इन्हें 51 हजार रुपए, प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2009 में राष्ट्रपति शासन और 2014 और 2019 में चुनाव के कारण यह सम्मान नहीं दिया जा सका था।
खुद को कभी विधायक प्रोजेक्ट नहीं किया : नलिन
चयन के बाद विधायक नलिन सोरेन ने कहा कि उन्होंने कभी खुद को विधायक प्रोजेक्ट नहीं किया। सदैव आम लोगों के सहयोगी के रूप में काम किया है। उत्कृष्ट विधायक चुने जाने पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की। खाद-बीज घोटाले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि केस चल रहा है, वे अभी जमानत पर हैं।
विधानसभा के 5 पदाधिकारी-कर्मी भी होंगे सम्मानित
स्पीकर ने बताया कि विधानसभा के 5 पदाधिकारी-कर्मी कपिलेश्वर उत्कृष्ट सम्मान के लिए चुने गए हैं। विधानसभा के संयुक्त सचिव शिशिर झा, प्रशाखा पदा. सोमेन सिंह, पीए लक्ष्मी नारायण, अनुसेवक मनोज कुमार और हेलेना कंडुलना, रांची के सिविल सर्जन वीवी प्रसाद, एडीएम अखिलेश सिंह और रिम्स की मुख्य नर्स रामरेखा राय को सम्मानित किया जाएगा।
कब किसे मिला है उत्कृष्ट विधायक का सम्मान
- 2001 में विशेश्वर खां
- 2002 में हेमलाल मुर्मू
- 2003 में राजेंद्र प्रसाद सिंह
- 2004 में लोकनाथ महतो
- 2005 में अन्नपूर्णा देवी
- 2006 में राधाकृष्ण किशोर
- 2007 में पशुपतिनाथ सिंह
- 2008 में इंदर सिंह नामधारी
- 2010 में जनार्दन पासवान
- 2011 में माधव लाल सिंह
- 2012 में रघुवर दास
- 2013 में लोबिन हेंब्रम
- 2015 में प्रदीप यादव
- 2016 में स्टीफन मरांडी
- 2017 में बिमला प्रधान
- 2018 में मेनका सरदार

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें