जमीन कारोबारी के घर कई राउंड फायरिंग, 4 गाड़ियां तोड़ीं, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हराटांड़ में बुधवार की रात 2.30 बजे के करीब अपराधियों ने जमीन कारोबारी गंगा साहू के घर पर कई राउंड फायरिंग की। घर के सामने खड़ी उनकी चार वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के तुरंत बाद गंगा साहू ने इसकी सूचना एयरपोर्ट थाने को दी। रात 3.15 बजे एयरपोर्ट व जगन्नाथपुर थाने की पुलिस पहुंची और छानबीन की। घटना स्थल से गोली के कुछ खोखे मिले। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है अन्य की तलाश कर रही है।
घटना के संबंध में गंगा साहू ने बताया कि उनके परिवार के सभी लोग सो रहे थे। अचानक घर पर फायरिंग होने से वे लोग जग गए। लेकिन, डर से कोई बाहर नहीं निकला। करीब 9-10 की संख्या में आए अपराधियों ने उनके घर पर चार फायरिंग की। दो गोली घर की दीवार में लगी। इसके बाद बाहर खड़े चार फोर व्हीलर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जो उनके व उनके भाई के हैं।
हुंडरू में एक जमीन को लेकर चल रहा है विवाद
गंगा साहू के अनुसार, फायरिंग करने वालों में बीनू गोप भी था, वह जमीन का धंधा करता है। उसके साथ हुंडरू में एक जमीन को लेकर गंगा साहू का विवाद चल रहा है। गंगा की ओर से एयरपोर्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें