दो जनवरी से नगर निकाय व प्रखंड मुख्यालय में बिजली बिल जमा कर सकेंगे उपभोक्ता, नोटिस के बाद ही कटेगी बिजली
दो जनवरी से जिले के सभी प्रखंड मुख्यालय व नगर निकाय कार्यालय में बकाया बिजली बिल जमा करने की सुविधा बहाल हो जाएगी। इस संबंध में डीसी सूरज कुमार ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंताओं को आदेश दिया है। डीसी जिले के कार्यपालक अभियंताओं के साथ अपने कार्यालय में बैठक कर रहे थे। प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय व नगर निकाय कार्यालय में अस्थाई कलेक्शन सेंटर स्थापित किया जाएगा। मालूम हो पिछले दिन दिशा की बैठक डीसी आफिस में हुई थी, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने इसकी मांग की थी।
इसी के आलोक में डीसी ने यह आदेश दिया है। डीसी ने कार्यपालक अभियंताओं को कहा किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन काटने से पहले संबंधित क्षेत्र में व्यापक स्तर पर माइक से प्रचार-प्रसार कराया जाए। इसके बाद नोटिस जारी की जाए और जागरुकता अभियान चलाया जाए। साथ ही बिजली विभाग कैंप लगाकर बिल की वसूली करेगा। डीसी ने उपभोक्ताओं से बकाया बिल का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर करने की अपील की। डीसी ने बिलिंग सिस्टम में सुधार का आदेश भी कार्यपालक अभियंताओं को दिया।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें