महिला से दुष्कर्म कर युवक ने हत्या के इरादे से सिर पर कई बार मारा पत्थर, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक 27 साल की महिला के साथ 18 साल के युवक ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने के इरादे से सिर पर पत्थर से मारा और भाग निकला। घटना शुक्रवार दिन के 11 से 12 बजे की बीच की है। कुछ घंटे बाद जब महिला होश में आई, तो उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने कुछ घंटों में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक शिवा सिंह (18) कटहल कोचा का रहने वाला है।
दुष्कर्म की शिकार महिला बिरसा चौक पर चाय बेचती है। दो बच्चे भी हैं। महिला का पति उसे छोड़ चुका है। पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया है। जगन्नाथपुर थाना में दुष्कर्म व हत्या का प्रयास का केस दर्ज हुआ है।
बेसुध होने पर आरोपी को लगा मर गई, इसके बाद भाग गया
आरोपी ने तुपुदाना रोड में झाड़ियों में घटना को अंजाम दिया। दुष्कर्म करने के बाद उसे पत्थर से मार घायल कर दिया। जब महिला बेसुध हो गई, तो उसे लगा कि मर गई। लेकिन जब कुछ घंटों के बाद उसे होश आया, तो उसने बताया कि लंगड़ा ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी शिवा सिंह एक पैर से विकलांग है। आसपास के लोगों ने उसे पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें