शेयर मार्केट LIVE:सेंसेक्स 49,600 और निफ्टी 14,600 के नीचे आया, बैंकिंग शेयरों ने बनाया दबाव - AKB NEWS

शेयर मार्केट LIVE:सेंसेक्स 49,600 और निफ्टी 14,600 के नीचे आया, बैंकिंग शेयरों ने बनाया दबाव


 हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। फिलहाल सपाट कारोबार हो रहा है। सेंसेक्स 49,600 और निफ्टी 14,600 स्तर के नीचे हैं। बाजार के प्रमुख शेयरों में गिरावट के चलते बाजार में गिरावट है। इसमें HDFC बैंक, HDFC, बजाज फाइनेंस, रिलायंस सहित कोटक बैंक के शेयर शामिल हैं।

सुबह 10:03 बजे BSE सेंसेक्स 74 अंकों की गिरावट के साथ 49,550.14 पर कारोबार कर रहा है। इसमें एक्सिस बैंक के शेयरों में 2% की गिरावट है। BSE पर 2,356 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 1,265 बढ़त और 1,011 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। बिकवाली के चलते BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 196.93 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

इसी तरह निफ्टी भी 8.30 अंक नीचे 14,582.05 पर कारोबार कर रहा है। ऑटो सेक्टर में तेजी के चलते बजाज ऑटो का शेयर 6.46% ऊपर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा टाटा मोटर्स और हीरो मोटोकॉर्प शेयरों में भी 4-4% की बढ़त है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स भी 3% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, टेक महिंद्रा, रिलायंस और एक्सिस बैंक के शेयर 1-1% से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।

आज आएंगे रिलायंस इंडस्ट्रीज के तिमाही नतीजे

प्राइवेट सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज 22 जनवरी के तिमाही नतीजे पेश करेगी। साथ ही यस बैंक, ग्लैंड फार्मा, इंडियन बैंक, सेंचुरी टेक्स्टाइल, क्रॉम्पटन ग्रीव्स, ओवेरॉय रियल्टी सहित 41 कंपनियां भी दिसंबर तिमाही के नतीजे पेश करेंगी। आज ही यस बैंक की बोर्ड बैठक है। इसमें फंड जुटाने पर फैसला लिए जाने पर चर्चा होगी।

इंडिगो पेंट्स IPO का आखिरी दिन

IPO के दूसरे दिन 21 जनवरी को इंडिगो पेंट्स का IPO 6.97 गुना भरा था। इसमें रिटेल हिस्सा 9.6 गुना, कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्सा 1.8 गुना भरा था। क्वालिफाइड इंस्टिच्युशनल बायर्स (QIB)3.8 गुना और गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए रिजर्व हिस्सा 5.4 गुना भरा था। यह पहले दिन भी 1.9 गुना भरा था। इंडिगो पेंट्स का IPO 22 जनवरी को यह बंद हो जाएगा। इसी तरह होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी का IPO 21 जनवरी को पहले दिन पूरा भर गया था। कंपनी के 1.56 करोड़ शेयरों के लिए 1.62 करोड़ शेयरों पर बोली मिली थी। यह 25 जनवरी को बंद हो जाएगा।

रिजर्व बैंक ने नवंबर में खरीदे 10.261 अरब डॉलर

रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी मासिक आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल नवंबर में उसने स्पॉट मार्केट से 10.261 अरब डॉलर खरीदे, जबकि 4.028 अरब डॉलर बेचे।

एशियाई बाजारों में दबाव

शुक्रवार को एशियाई बाजारों गिरावट दर्ज की जा रही है। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.50%, हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 1.28% और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.83% नीचे कारोबार कर रहे हैं। वहीं, कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.38% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। कल यूरोप के शेयर बाजारों में भी गिरावट रही थी। इसमें ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के शेयर मार्केट शामिल हैं, जबकि राहत पैकेज की उम्मीद से अमेरिकी शेयर बाजारों में नैस्डैक और S&P 500 इंडेक्स रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए थे।

गुरुवार को सेंसेक्स पहली बार 50 हजार के पार पहुंचा

भारी विदेशी निवेश और मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते कल सेंसेक्स पहली बार 50 हजार को पार किया। हालांकि दोपहर बाद बाद निवेशकों मुनाफावसूली की। अंत में सेंसेक्स 167.36 अंकों की गिरावट के साथ 49,624.76 पर बंद हुआ था। इंडेक्स ने कारोबार के दौरान 50,184.01 के रिकॉर्ड स्तर छुआ, इसका ऑलटाइम हाई है। इसी तरह निफ्टी भी 54.35 अंक नीचे 14,590.35 पर बंद हुआ था। NSE डेटा के मुताबिक 21 जनवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध 1,614.66 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध 1039.48 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।

Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads