विमान सेवा:रांची से जयपुर सहित 5 शहरों के लिए विमान सेवा शुरू होगी, देवघर एयरपाेर्ट से अप्रैल में शुरू होगी फ्लाइट: रांची
- समर शेड्यूल में रांची से गुवाहाटी, जयपुर, त्रिवेंद्रम, लखनऊ और पुणे के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होगी
- रांची के बाद देवघर से भी विमान सेवा शुरू हाेगी
रांची जल्दी ही 5 और शहराें से हवाई मार्ग से जुड़ जाएगा। परिवहन सचिव के रवि कुमार ने बताया कि बैठक में रांची से विमान सेवा बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसमें एयरलाइंस कंपनियाें ने 5 नए सेक्टर में विमान सेवा शुरू करने पर सहमति दे दी। समर शेड्यूल में रांची से गुवाहाटी, जयपुर, त्रिवेंद्रम, लखनऊ और पुणे के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होगी।
अभी रांची से 20 विमान उड़ान भर रहे हैं। रांची के बाद देवघर से भी विमान सेवा शुरू हाेगी। शुक्रवार काे परिवहन सचिव की अध्यक्षता में एयरलाइंस कंपनियाें के साथ बैठक हुई। परिवहन सचिव ने कहा कि देवघर एयरपाेर्ट में लाइसेंसिंग का काम चल रहा है। यह मार्च तक पूरा हाे जाएगा और अप्रैल से देवघर एयरपाेर्ट से विमान उड़ान भरने लगेगा।
दो कंपनियां देवघर से फ्लाइट शुरू करने पर राजी
दो एयरलाइंस कंपनियाें ने अप्रैल से देवघर से फ्लाइट शुरू करने पर सहमति दे दी। नाम का खुलासा नहीं हुआ है। वीडियाे काॅन्फ्रेंसिंग में रांची एयरपाेर्ट के डायरेक्टर विनाेद शर्मा, देवघर एयरपाेर्ट डायरेक्टर संदीप ढींगरा और गो, इंडिगाे, एयर इंडिया, स्पाइसजेट, विस्तारा व एयर एशिया के अफसरों ने भाग लिया।
रांची एयरपोर्ट पर ‘गो’ की नाइट पार्किंग को हरी झंडी
रांची एयरपाेर्ट पर गो एयरवेज को नाइट पार्किंग की हरी झंडी मिल गई है। गो एयरवेज दो एयरक्राफ्ट की नाइट पार्किंग करेगी। गाे के अलावा स्पाइस जेट, इंडिगाे, एयर एशिया ने भी नाइट पार्किंग की अनुमति मांगी है।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें