यह कोरोना पर जीत का टीका:झारखंड में कोरोना का संक्रमण पुरुषों में ज्यादा, लेकिन वैक्सीन लेने में महिलाएं दिखा रहीं दिलेरी: रांची
- कोरोना को हराने में आगे रहे, टीकाकरण के पहले चरण के 26 दिन बीते पर भी हम 16वें स्थान पर
- राज्य में अब तक 1.74 लाख टीके लगे इनमें, 57.5% महिलाएं और 42.5% पुरुष
झारखंड में काेराेना संक्रमण पुरुषाें में ज्यादा है, फिर भी टीकाकरण के प्रति वह जागरूक नहीं दिखते। लेकिन महिलाएं इसमें दिलेरी दिखा रही हैं। बढ़-चढ़कर काेराेना का टीका लगवा रही हैं। केंद्र सरकार की काे-विन प्लेटफाॅर्म से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार तक झारखंड में 1,74,056 लाेगाें काे टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। इनमें 1,00,035 (57.5%) महिलाएं हैं जबकि 74,021 (42.5%) पुरुष।
अधिकारियाें का कहना है कि टीका लगवाने वाली महिलाओं में आशा कार्यकर्ता, सहायक नर्सिंग मिडवाइफर और नर्साें की संख्या ज्यादा है। रांची जिले की बात करें ताे यहां अब तक 16,796 हेल्थ वर्कर्स का टीकाकरण हुआ है।
इनमें 9477 महिलाएं और 7319 पुरुष हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसराें के मुताबिक काे-विन एप पर रजिस्टर्ड हेल्थ और फ्रंटलाइन वर्कर्स काे मैसेज के अलावा फाेन भी किया जा रहा है। फाेन करने के बाद 70% महिलाएं आगे आ रही हैं जबकि पुरुषाें के सेंटर पर पहुंचने का प्रतिशत 60 से 65% हैं। काेेराेना से लड़ने में झारखंड सबसे आगे रहा है, इसलिए वैक्सीनेशन के लिए भी आगे आएं।
होमगार्ड्स को लगने थे टीके, महिला जवान पहले आगे आई
रांची में रेडक्राॅस साेसाइटी केंद्र पर गुरुवार को होमगार्ड जवानों को टीके लगने थे। सबसे पहले बाला किरण मिश्रा (50) आगे आईं और टीका लगवाया। कहा-मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं।
सकारात्मक ऊर्जा से सदर अस्पताल में डॉक्टर ने लगवाया टीका
रांची सदर अस्पताल में गुरुवार काे डुमरी सीएचसी की डाॅ. अपूर्वा (28) ने टीका लगवाया। अपूर्वा ने कहा-टीके पर मुझे पहले से विश्वास था।आप भी टीका जरूर लगवाएं।
इनको लगा था पहला टीका, दो घंटे बाद ही काम पर लौट आईं थीं
राज्य में काेराेना की पहली वैक्सीन लेने वाली रांची सदर अस्पताल की सफाई कर्मी मरियम गुड़िया ने कहा-वैक्सीन लेने के दाे घंटे बाद ही मैं काम पर पहुंच गई थी। अब बूस्टर डोज के लिए तैयार हूं।
जो लगवा चुके उनके लिए कल से बूस्टर डाेज: राज्य में अब तक 1,74,501 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। पहला टीका लेने के 28 दिन बाद 13 फरवरी से बूस्टर डोज लगाने का काम शुरू होगा।
जो पहले चरण में रह गए उनके लिए भी मौका: राज्य में अब तक 3,49,819 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। लेकिन अब तक करीब करीब 50% को ही टीके लगे हैं। जो बच गए हैं, उनके लिए अब भी मौका है।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें