जाम से मिलेगी मुक्ति:रांची में पहली बार तय हुआ धरना स्थल, अब सभी धरना-प्रदर्शन पुंदाग साईं मंदिर के सामने मैदान में ही हाेंगे: रांची
आखिरकार दैनिक भास्कर की मुहिम काे मुकाम मिल गया। जिला प्रशासन ने पहली बार रांची में धरना-प्रदर्शन के लिए जगह तय कर दी। अब सभी धरना-प्रदर्शन नए विधानसभा भवन के पास पुंदाग साईं मंदिर के सामने मैदान में हाेगा। एडीएम लाॅ एंड ऑर्डर लाेकेश मिश्रा ने बताया कि डीसी और एसएसपी ने उस जगह का निरीक्षण किया, इसके बाद ही धरना स्थल के लिए उस जगह का चयन किया गया।
राजधानी में स्थाई धरनास्थल के मुद्दे पर 11 फरवरी से मुहिम शुरू की थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने धरना स्थल का चयन करने के लिए कमेटी बनाई, जिसने छह जगहाें का प्रस्ताव दिया। साथ ही बताया गया कि कहां क्या फायदे हाेंगे और क्या परेशानियां हाेंगी। गाैरतलब है कि राजधानी में जगह-जगह धरना-प्रदर्शन हाेते थे, जिससे अक्सर जाम लग जाता था।
भास्कर ने सुझाए थे धरनास्थल के विकल्प
भास्कर ने धरनास्थल के लिए छह विकल्प सुझाए थे। प्रशासन ने सभी का स्थल निरीक्षण किया और आखिरकार पुंदाग साईं मंदिर के सामने मैदान पर बात बनी।
सिविल साेसाइटी और चैंबर भी अभियान से जुड़े
स्थाई धरना स्थल की मुहिम मे झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स और सिविल साेसाइटी भी जुड़ गई थी। इनका कहना था कि शहर में एक स्थाई धरना स्थल हाेनी चाहिए। वहीं सांसद संजय सेठ ने भी कहा था कि दिल्ली की तर्ज पर रांची में भी स्थाई धरना स्थल तय हाे, जिससे लाेगाें काे भी परेशानी न हाे और धरना देने वाले भी अपनी बात रख सकें।
बिहार और छत्तीसगढ़ में भी तय है धरना स्थल :
पड़ाेसी राज्य बिहार की राजधानी पटना और छत्तीसगढ़ के रायपुर में भी धरने के लिए स्थान तय है। लेकिन झारखंड की राजधानी रांची में इसके लिए काेई जगह तय नहीं की गई थी। यहां जाकिर हुसैन पार्क या बिरसा चाैक गेट के पास प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ जाते थे।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें