कोरोना देश में:15 राज्यों में कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार 5% से ज्यादा हुई; पंजाब में डेथ रेट सबसे हाई : नई दिल्ली - AKB NEWS

कोरोना देश में:15 राज्यों में कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार 5% से ज्यादा हुई; पंजाब में डेथ रेट सबसे हाई : नई दिल्ली


 देश में कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार लगातार तेज होते जा रही है। 15 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां, पॉजिटिविटी रेट यानी मरीजों के मिलने की रफ्तार 5% से ज्यादा है। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 13.2% पॉजिटिविटी रेट है। इसके अलावा गोवा में 11.1%, नगालैंड में 9.3% और केरल में 9.2% की रफ्तार से संक्रमितों की पहचान हो रही है।

डेथ रेट की बात करें तो पंजाब इस मामले में सबसे आगे है। यहां हर 100 कोरोना मरीजों में लगभग तीन लोग जान गंवा रहे हैं। डेथ रेट यहां देश में सबसे ज्यादा 3.2% है। दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र में 2.4% की रफ्तार से लोग जान गंवा रहे हैं। सिक्किम में 2.2% और पश्चिम बंगाल में 1.8% डेथ रेट रिकॉर्ड की गई है।
बिहार समेत 5 राज्यों में 99% से ज्यादा रिकवरी
कोरोना मरीजों में तेजी के बीच एक राहत की खबर है। देश में 5 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे भी हैं, जहां 99% से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। इनमें बिहार, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, ओडिशा और आंध्र प्रदेश है। सबसे ज्यादा 99.7% मरीज अरुणाचल प्रदेश में ठीक हो चुके हैं।

24 घंटे में 14 हजार से ज्यादा मरीज मिले
मंगलवार को देशभर में 14 हजार 997 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 13 हजार 113 लोग रिकवर हुए और 98 की मौत हो गई। अब तक यहां 1 करोड़ 11 लाख 39 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 8 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 57 हजार 385 मरीजों की मौत हो गई। 1 लाख 67 हजार 183 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

कोरोना अपडेट्स

  • हरियाणा के करनाल में एक स्कूल के हॉस्टल में 54 स्टूडेंट कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। करनाल के सिविल सर्जन योगेश कुमार शर्मा ने मंगलवार को बताया कि हमारी टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। हॉस्टल को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है।
  • एक सर्वे में सामने आया है कि भारतीय महिलाएं कोरोना की वैक्सीन पर ज्यादा भरोसा करती हैं। भारत के अलावा फिलीपींस और कुछ लैटिन अमेरिकी देशों में रहने वाली महिलाओं ने कोरोना की वैक्सीन पर सबसे ज्यादा भरोसा जताया है। यह सर्वे 16 देशों में गर्भवती महिलाओं के बीच कराया गया था। इसमें उन महिलाओं को भी शामिल किया गया, जिनके 18 साल से कम उम्र के बच्चे हैं। इन महिलाओं ने अपने बच्चों को भी वैक्सीन लगवाने पर सहमति दिखाई। यह सर्वे हार्वर्ड टी.एच. चैन स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की ओर से कराया गया था।
  • मध्यप्रदेश के खंडवा से भाजपा के सांसद नंद कुमार सिंह चौहान का मंगलवार को निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद 5 फरवरी को उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

6 राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र
राज्य में मंगलवार को 7,863 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 6332 लोग रिकवर हुए और 54 की मौत हो गई। अब तक यहां 21 लाख 69 हजार 330 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 20 लाख 36 हजार 790 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 52 हजार 238 मरीजों की माौत हो गई। 79 हजार 93 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

2. केरल
मंगलवार को राज्य में 2,938 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3512 लोग रिकवर हुए और 16 की मौत हो गई। अब तक 10 लाख 64 हजार 280 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10 लाख 12 हजार 484 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4227 मरीजों की मौत हो गई। 47 हजार 274 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

3. मध्यप्रदेश
राज्य में मंगलवार को 331 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 259 लोग रिकवर हुए। अब तक 2 लाख 62 हजार 433 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 55 हजार 595 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3865 मरीजों की मौत हो गई। 2973 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

4. राजस्थान
राज्य में मंगलवार को 102 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 66 लोग रिकवर हुए। अब तक यहां 3 लाख 20 हजार 557 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 26 हजार 430 लोग ऐसे हैं जो ठीक हो चुके हैं। 2787 मरीजों की मौत हो गई। 1340 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में मंगलवार को 454 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 361 लोग रिकवर हुए। अब तक 2 लाख 70 हजार 770 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 63 हजार 837 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4411 मरीजों की जान चली गई। 2522 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

6. दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को 217 नए कोरोना मरीजों की पहचान हुई। 78 लोग रिकवर हुए। अब तक 6 लाख 39 हजार 681 मरीजों की पहचान हो चुकी है। इनमें 6 लाख 27 हजार 227 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 911 मरीजों की मौत हो गई। अभी 1543 मरीजों का इलाज चल रहा है।

Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads