लखनऊ में गोलीबारी:भाजपा सांसद के बेटे को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारी; पुलिस का दावा- साले से खुद हमला करवाया : लखनऊ
उत्तर प्रदेश में बुधवार तड़के भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष को बाइक सवार कुछ बदमाशों ने सीने में गोली मार दी। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने बड़ा दावा किया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि ये हमला खुद आयुष ने अपने साले से करवाया है। पुलिस ने एक लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद कर ली है।
घटना मड़ियाव क्षेत्र के छठामील चौराहे की है। लखनऊ की मोहनलालगंज सीट से सांसद कौशल किशोर का बेटा आयुष (30) सुबह टहलने के लिए निकला था, तभी कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। वह भागते समय जमीन पर गिर गया, तभी एक बदमाश ने उस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने छानबीन की तो कहानी कुछ और ही निकली। पता चला कि खुद आयुष के कहने पर उसके साले आदर्श ने गोली मारी थी। पूछताछ में आदर्श ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आदर्श ने बताया कि कुछ लोगों को फंसाने का प्लान था, इसीलिए यह पूरी साजिश रची गई थी।
परिवार से अलग रहता था आयुष
सांसद कौशल किशोर के मुताबिक आयुष ने लव मैरिज की थी। इसकी वजह से वह परिवार से अलग भिटौली के नजदीक रहता है। सांसद ने कहा कि पुलिस की जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा।
दो दिन पहले हाथरस में बदमाशों ने गोली मारकर जान ली थी
उत्तर प्रदेश में हाथरस के नौजरपुर गांव में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत करने वाले पिता अमरीश शर्मा की सोमवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी गौरव शर्मा छेड़छाड़ का केस वापस लेने के लिए उन पर दबाव बना रहा था। मृतक की बेटी ने छह लोगों पर केस दर्ज कराया है। इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गौरव एक नंबर का आतंकवादी है और वह सपा से जुड़ा हुआ है।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें