कैश होने के बावजूद नहीं किया पेमेंट:रिलायंस होम फाइनेंस 40 करोड़ के लोन रिपेमेंट में डिफॉल्ट हुई, दिया कोर्ट ऑर्डर का हवाला
- कंपनी 15 फरवरी 2021 को लोन के रिपेमेंट में डिफॉल्ट हुई थी
- लोन में 40 करोड़ रुपए का मूल है और 15 लाख रुपए का ब्याज है
रिलायंस होम फाइनेंस पंजाब एंड सिंध बैंक के 40 करोड़ रुपए के लोन रिपेमेंट में डिफॉल्ट कर गई है। कंपनी ने कहा है कि उसके पास लोन चुकाने के लिए पर्याप्त नकदी है, लेकिन एक कोर्ट ऑर्डर के चलते उसका इस्तेमाल नहीं कर सकती। अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कैपिटल की सब्सिडियरी 15 फरवरी 2021 को लोन के रिपेमेंट में डिफॉल्ट हुई थी। लोन में 40 करोड़ रुपए का मूल है और 15 लाख रुपए का ब्याज है।
कंपनी पर पंजाब एंड सिंध बैंक की कुल 200 करोड़ की देनदारी
रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, कंपनी पर पंजाब एंड सिंध बैंक की कुल 200 करोड़ रुपए की देनदारी है। उसने बैंक से 9.25% के ब्याज पर पाँच साल के लिए लोन लिया हुआ है। कंपनी ने कहा है कि उसके पास 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कैश है। उसमें लिक्विड म्यूचुअल फंड इनवेस्टमेंट और फिक्स्ड डिपॉजिट वगैरह शामिल है।
लोन का रिपेमेंट नहीं होने की वजह दिल्ली हाई कोर्ट की पाबंदी
कंपनी ने कहा है, ‘लोन का रिपेमेंट में नहीं होने की वजह दिल्ली हाई कोर्ट की तरफ से कंपनी पर लगाई गई पाबंदी है। 20 नवंबर 2019 को जारी आदेश के मुताबिक कंपनी अपनी संपत्ति न बेच सकती है और न ही उसे गिरवी रख सकती है।’
बैंकों और फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस का 4,358.48 करोड़ का बकाया
रिलायंस होम फाइनेंस ने यह भी कहा है कि उसके लेंडर RBI के एक फ्रेमवर्क के हिसाब से डेट रिजॉल्यूशन के लिए इंटर क्रेडिटर एग्रीमेंट कर चुके हैं। इसके चलते कंपनी बैंक का लोन रिपेमेंट करने में डिफॉल्ट हुई है। कंपनी के ऊपर बैंकों और फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस का 4,358.48 करोड़ रुपए का बकाया है।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें