पश्चिम बंगाल में हिंसा:भाजपा सांसद के घर और ऑफिस के पास बम फेंके; BJP ने TMC पर आरोप लगाया, चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे : कोलकाता - AKB NEWS

पश्चिम बंगाल में हिंसा:भाजपा सांसद के घर और ऑफिस के पास बम फेंके; BJP ने TMC पर आरोप लगाया, चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे : कोलकाता


 पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। उत्तरी 24 परगना के जगदल में बुधवार देर रात कई जगहों पर क्रूड बम से हमला किया गया। जहां यह हमला हुआ, वह जगह भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर से ज्यादा दूर नहीं है। भाजपा इस हमले की शिकायत चुनाव आयोग से करेगी।

मामले में भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने कहा कि करीब 15 स्थानों पर बम फेंके गए और पुलिस द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया गया। इसके लिए उन्होंने तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार बताया। इस बीच ACP एपी चौधरी ने बताया कि इस हमले में एक बच्चे सहित 3 लोग घायल हुए हैं।

पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही : भाजपा
भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने कहा कि उनके ऑफिस 'मजदूर भवन' पर शाम को बमबारी हुई। इसके बाद उनके वाहन को निशाना बनाकर बमबारी की गई।

सांसद ने कहा कि मेरे ऑफिस पर हुई बमबारी के बाद जब मैं रात में घर लौटा, तब बंगाल पुलिस की मौजूदगी में मेरे वाहन को निशाना बनाकर बम फेंका गया। इलाके में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, प्रशासन कहां है? पुलिस कुछ भी नहीं कर रही है।

चुनाव आयोग के लिए चेतावनी : विजयवर्गीय
भाजपा के बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और सांसद मुकुल रॉय ने भी इस घटना के लिए TMC को जिम्मेदार ठहराया है और चुनाव आयोग से मामले की शिकायत करने की बात कही है। विजयवर्गीय ने कहा कि TMC हिंसा के साथ राजनीति का प्रतीक बन चुकी है। यहां गुंडे खुलेआम बम फेंक रहे हैं और गोलियां चला रहे हैं। चुनाव आयोग को इसे एक चेतावनी के रूप में लेना चाहिए वरना बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान नहीं हो पाएंगे।

भाजपा कार्यकर्ता को पीटने का आरोप
इस बीच भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को पूर्वी मिदनापुर के एक पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके एक समर्थक को तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पीटा। शुभेंदु ने TMC कार्यकर्ताओं के खिलाफ मरीशदा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। दावा किया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भाजपा समर्थक बुद्धदेव मन्ना पर हमला किया था। कार्यकर्ता पर हमला कथित रूप से उत्तर कांठी विधानसभा क्षेत्र में हुआ।

बंगाल में 8 फेज में चुनाव
पश्चिम बंगाल में इस बार 8 फेज में वोटिंग होगी। 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए वोटिंग 27 मार्च (30 सीट), 1 अप्रैल (30 सीट), 6 अप्रैल (31 सीट), 10 अप्रैल (44 सीट), 17 अप्रैल (45 सीट), 22 अप्रैल (43 सीट), 26 अप्रैल (36 सीट), 29 अप्रैल (35 सीट) को होनी है।


Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads