चास में अब डिजिटल कंप्लेन डेस्क के जरिए मिनटों में होगा आवेदन, 48 घंटे में शिकायत पर कार्रवाई
(सुशील कुमार) चास नगर निगम ने जनसुविधाओं की कड़ी में एक और नया आयाम जोड़ा है। स्कैनिंग फैसिलिटी सहित अन्य तकनीकी सुविधाओं से युक्त नई मशीन के जरिए यहां डिजिटल कंप्लेन डेस्क लगाया गया है। इस नई व्यवस्था के साथ जरूरतमंद लोग अब चंद मिनटों में अपने आवेदन जमा कर सकेंगे।
48 घंटे के भीतर कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी करने का भी लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही चास नगर निगम यह अनूठी व्यवस्था शुरू करने वाला पूरे राज्य का पहला निकाय बन चुका है। सभी तरह की शिकायतों और आवेदन के लिए सिंगल डिजिटल कंप्लेन डेस्क की शुरुआत होने से अब एक ओर जहां आमलोगों को निगम से संबंधित कंप्लेन दर्ज कराने में आसानी होगी, वहीं दूसरी तरफ कार्रवाई भी जल्दी होगी।
मंगलवार को नगर निगम ने खुद का एक एप बनवाकर अनोखे तरीके बने सिंगल डिजिटल कंप्लेन डेस्क की शुरुआत निगम कार्यालय से की। अपर नगर आयुक्त शशिप्रकाश सिंह ने इसका ट्रायल लिया और इसे चालू करवाया।
ऐसे करें डिजिटल कंप्लेन डेस्क का उपयोग
सबसे पहले आवेदन के साथ डेस्क पर लगी टैब की स्क्रीन पर लगे मोबाइल नंबर के ऑप्शन में अपना नंबर डालेंगे। फिर आवेदक टैब के सामने उसके कैमरे में अपना फोटो लोड करें। फिर आवेदन को तय जगह पर रखकर उसे टैब में स्कैन करें। इसके बाद सबमिट का बटन क्लिक करना है। कुछ देर प्रतीक्षा करने के बाद स्वत: मोबाइल पर कंप्लेन नंबर मिल जाएगा। इसके बाद शिकायतकर्ता की आवेदन प्रक्रिया पूरी समझी जाएगी।
अलग-अलग समस्याओं के लिए समय तय
इस डिजिटल कंप्लेन डेस्क में सुबह 8 से 9 बजे तक स्वच्छता, सुबह 9 से 10 बजे तक टैक्स, 10 से 11 बजे तक जलापूर्ति, चापानल और डीप बोरिंग, 11 से 12 बजे तक पीएम आवास योजना, 12 से 1 बजे तक एलईडी लाइट, 1 से 2 बजे तक जन्म-मृत्यु पंजीकरण, 2 से 3 बजे तक रोजगार, एनयूएलएम, पीएम स्वनिधि आदि, 3 से 4 बजे तक बिल्डिंग प्लान और 4 से 5 बजे तक अन्य मामलों से संबंधित आवेदन किए जा सकेंगे।
जोनल कार्यालयों में भी होगी व्यवस्था
अपर नगर आयुक्त शशिप्रकाश झा ने बताया कि चास में जनसुविधाओं के मद्देनजर इस नई व्यवस्था की शुरुआत की गई है। चास नगर निगम पूरे झारखंड का पहला निकाय है, जहां इस तरह की डिजिटल कंप्लेन डेस्क की शुरुआत की गई है। कुछ ही दिनों निगम के सभी जोनल कार्यालय में भी इस डेस्क को लगाया जाएगा। फिलहाल इस डेस्क की शुरुआत निगम कार्यालय में कर दी गई है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें