टायर जलाकर जाम की सड़कें, नहीं चली बसें, बाजार कहीं खुले ताे कहीं बंद रहे, 200 से अधिक गिरफ्तार
कृषि कानूनाें के विराेध में भारत बंद का धनबाद में मिला-जुला असर रहा। बंद के समर्थन में विपक्षी दलाें के नेता-कार्यकर्ता दिन के 10 बजे के बाद सड़काें पर उतरे। शहर के तमाम चाैक-चाैराहाें पर धरना-प्रदर्शन किया। दिनभर आवागमन बाधित रहा और जाम की स्थिति बनी रही।
जगह-जगह टायर आदि जलाकर ट्रैफिक राेका। राजगंज और गाेविंदपुर में जीटी राेड पर घंटाें ट्रैफिक जाम रहा। वाहनाें की लंबी कतार लगी रही। कई स्थानाें पर बंद समर्थकाें और पुलिस में नाेक-झाेंक भी हुई। यात्री वाहन नहीं चले। बस स्टैंड से लंबी दूरी की बसें नहीं खुलीं और सड़काें पर ऑटाे भी नहीं के बराबर दिखे। बाजाराें में कहीं दुकानें खुली रहीं, ताे कहीं बंद। कई जगहाें पर बंद समर्थक जबरन दुकानें बंद कराते भी दिखे।
कतरास में दुकानदाराें ने बंद का विराेध किया। दाेपहर दाे बजे के बाद स्थिति सामान्य हाेने लगी। कांग्रेस, झामुमाे, राजद, वाम दलाें के साथ-साथ बड़ा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नेतृत्व में सिख समाज के लाेगाें ने भी रणधीर वर्मा चाैक पर प्रदर्शन किया। जिलेभर में 200 से अधिक बंद समर्थकाें काे गिरफ्तार किया गया। कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय सूचना नहीं है। कांग्रेस, झामुमाे, राजद, वामपंथी दलाें ने बंद काे पूरी तरह सफल बताया, ताे भाजपा ने कहा कि जनता ने विपक्षी दलाें काे खारिज कर दिया है।
डेढ़ घंटे जाम रहा रणधीर वर्मा चाैक
विपक्षी पार्टियाें ने भारत बंद के समर्थन में दिन के 11 बजे रणधीर वर्मा चाैक जाम कर दिया। कांग्रेस, जेएमएम, आरजेडी, वाम दल और कई अन्य संगठनाें के कार्यकर्ता बीच सड़क पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। वहां से गुजरने वालाें के साथ कार्यकर्ताओं की नाेक-झाेंक भी हुई। डेढ़ घंटे तक वहां ट्रैफिक पूरी तरह ठप रहा। स्टेशन राेड से स्टीलगेट जाने वाले रास्ते पर वाहनाें की लंबी कतार लग गई।
पुलिस के वरीय अधिकारियाें ने प्रदर्शनकारियाें से सड़क से हट जाने का आग्रह किया, पर वे नहीं माने। बाद में हटिया माेड़ और पूजा टाॅकीज से ट्रैफिक काे वनवे कर जाम हटाने की काेशिश की गई। हालांकि, दाेपहर 1 बजे के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटने लगे और रणधीर वर्मा चाैक से भी वाहनाें का आवागमन शुरू हाे गया।
वहीं, नया बाजार के सुभाष चाैक, बैंक माेड़, पुराना बाजार, सिटी सेंटर के गांधी चाैक पर भी बंद समर्थकाें ने प्रदर्शन किया और सरकार से कृषि कानूनाें काे वापस लेने की अपील की। प्रदर्शन में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र वर्मा, मदन महतो, सुल्तान अहमद खान, योगेंद्र सिंह योगी, रशीद रजा अंसारी, रमेश जिंदल, राजेश्वर सिंह यादव, अभिजीत राज, मनोज यादव, अनवर शमीम, प्रभात सुरोलिया, सीता राणा, बिल्किस खानम, डीके सिंह, आशीष सिन्हा, संजीव चौहान, कुसमी देवी, जीतेंद्र आर्यन, जानकी देवी, दुर्गा देवी आदि शामिल थे।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें