पलामू पुलिस को मिला चोरी का अनोखा केस:बेटी की शादी में दहेज के लिए खरीदे गए 20 सूअर चाेरी, अब तलाश करने के लिए बिहार जाएगी झारखंड पुलिस: मेदिनीनगर
पलामू में अपराध, उग्रवाद और नक्सलवाद के सफाए में लगी पुलिस काे अनुसंधान के लिए अनाेखा केस मिला है। मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस को लापता हुए सूअर खाेजने की जिम्मेवारी मिली है। भुक्तभोगी लक्ष्मी दास ने एसपी को आवेदन देकर ढूंढ़कर लाने की गुहार लगाई है। आवेदन में शक जताया है कि उसके 20 सूअर चोरी कर बिहार के शेरघाटी ले जाए गए हैं। दरअसल, शहर थाना के पीछे रहने वाले लक्ष्मी दास ने बेटी की शादी में दहेज देने के लिए 20 सूअर खरीदे थे।
30 मार्च को बाड़ा टूटा हुआ मिला और सभी सूअर गायब मिले। अब मेदिनीनगर पुलिस वहां जाने की तैयारी में है। मामले के अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) सब इंस्पेक्टर नकुल शाह ने बताया कि चोरों का पता लगाने के लिए मेदिनीनगर शहर के कुछ जगहों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं। अब शेरघाटी जाकर सूअरों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।
पीड़ित की शिकायत-मई में है शादी, इससे पहले पड़ाेसी ने करा दी चाेरी
लक्ष्मी दास ने कहा-बेटी की शादी मई में हाेनी है। इससे पहले ही मेरे पड़ोसी टिकरा दास ने दहेज के लिए रखे सूअर चोरी करा दिए। 30 मार्च की रात उसने अपने दामाद राजा के साथ बाड़ा ताेड़कर सूअर चुरा लिए। राजा बिहार के शेरघाटी का है। ऐसी सूचना है कि चाेरी गए जानवर वहां देखे गए हैं। पुलिस कार्रवाई करे ताे चाेरी पकड़ी जा सकती है।
चाेरी छाेटी हाे या बड़ी, अपराध ही है, पुलिस कार्रवाई करेगी : एसपी
पलामू एसपी संजीव कुमार ने कहा कि चाेरी छाेटी हाे या बड़ी अपराध है। पुलिस अपराध का समूल खात्मा करना चाहती है। मेदिनीनगर में सूअर चाेरी का मामला आया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस काे बताया है कि चोरी गए जानवर बिहार में हैं। पुलिस की टीम वहां जाकर मामले की जांच करेगी।


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें