कोरोना महामारी का खतरा:हिमाचल के सभी बॉर्डर सील, पंजाब से आने वाले हर शख्स को दिखानी होगी निगेटिव रिपोर्ट: शिमला - AKB NEWS

कोरोना महामारी का खतरा:हिमाचल के सभी बॉर्डर सील, पंजाब से आने वाले हर शख्स को दिखानी होगी निगेटिव रिपोर्ट: शिमला


 अगर आप भी हिमाचल प्रदेश की वादियों में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो उससे पहले सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस जरूर पढ़ लें। राज्य में एंट्री के लिए अब कोरोना निगेटिव रिपोर्ट जरूरी कर दी गई है। इस संबंध में प्रदेश के CMO की ओर से जारी आदेश में UP, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक से आने वाले यात्रियों के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट का साथ रखना जरूरी किए जाने के संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

बता दें कि पड़ोसी राज्य पंजाब के कोरोना से बुरी तरह प्रभावित होने के चलते भी राज्य में चिंताएं बढ़ी हैं। ऐसे में सरकार की तरफ से कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार पहले ही 21 अप्रैल तक सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर चुकी है। सरकार ने इसके साथ ही मैरिज हॉल (इनडोर) में होने वाले शादी समारोहों में 50 से अधिक और खुली जगह पर होने वाले समारोह में 200 से अधिक लोगों के आने पर पाबंदी लगा दी है। अंतिम संस्कार में भी केवल 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे।

इसी बीच बीते दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसके बाद फैसला लिया गया है कि प्रदेश में आने वाले किसी भी बाहरी राज्य के व्यक्ति को अपने साथ कोरोना निगेटिव रिपोर्ट लानी होगी। इसके बिना एंट्री नहीं होगी। आदेश के मुताबिक RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट 72 घंटे से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। माना जा रहा है कि सरकार के इस फैसले से आवाजाही प्रभावित होगी और कोरोना की चेन को तोड़ने में मदद मिलेगी। हालांकि यह फैसला प्रदेश की टूरिज्म इंडस्ट्री की चिंताएं बढ़ा सकता है, जो लगातार कई महीनों के संकट के बाद उबरने के दौर में थी।

उधर, जयराम ठाकुर ने कहा कि देशभर के साथ ही राज्य में भी कोरोना के केसों में तेजी से इजाफा देखने को मिल रहा है और यह चिंता की बात है। हालांकि उन्होंने फिलहाल लॉकडाउन जैसे किसी फैसले से इनकार किया है, लेकिन यह जरूर कहा कि आने वाले दिनों में पाबंदियों में इजाफा किया जा सकता है। कोरोना के बढ़ते केस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि अबकी बार कोरोना वायरस का स्प्रेड बहुत तेज है, हिमाचल प्रदेश में एक्टिव साढ़े चार हजार से अधिक हो गए हैं और मौत का आंकड़ा भी बढ़ता ही जा रहा है।

45 दिन में बढ़ गए रिकॉर्ड कोरोना मामले
23 फरवरी से 10 अप्रैल तक राज्य में संक्रमण के 10,691 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 69,114 और 120 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 1,102 तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि राज्य में 10 अप्रैल को उपाचाराधीन रोगियों की संख्या 5,223 थी जबकि 23 फरवरी को रोगियों की तादाद 218 थी।

Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads