शेयर मार्केट LIVE:सेंसेक्स 400 अंक नीचे 49600 के स्तर पर आया; निफ्टी में भी 110 अंकों की गिरावट, BSE पर 1084 शेयर गिरे : मुंबई
देश में बढ़ते कोरोना के नए मामलों के चलते शेयर बाजार में गिरावट है। BSE सेंसेक्स सोमवार को 397 अंकों की गिरावट के साथ 49,632.06 पर और निफ्टी 110 अंक नीचे 14,756.45 पर कारोबार कर रहा है। सबसे ज्यादा बिकवाली बैंकिंग शेयरों में हो रही है। निफ्टी बैंक इंडेक्स 468 अंक नीचे 33,389.65 पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 25 शेयरों में गिरावट है, जिसमें बजाज फाइनेंस का शेयर सबसे ज्यादा 2.5% नीचे आ गया है। एक्सचेंज पर 1,897 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 706 शेयर बढ़त और 1,084 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 205.95 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो 1 अप्रैल को 207.25 लाख करोड़ रुपए था।
शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़ने और गिरने वाले शेयरों का हाल...
लगातार बढ़ रहे कोरोना के नए मामले
देश में रविवार को रिकॉर्ड 1 लाख 3 हजार 794 नए संक्रमित मिले। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 16 सितंबर को 97,860 नए मरीज मिले थे। बीते 24 घंटे में 52,840 मरीज ठीक हुए और 477 की मौत हो गई।
फोकस में रहेंगे बैंकिंग शेयर
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि मोरेटोरियम की सुविधा लेने वाले किसी भी लोन पर ब्याज पर ब्याज नहीं वसूली जा सकती है। सूत्रों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSBs) पर 1800 से 2000 करोड़ रुपए का बोझ पड़ेगा।
जापान के बाजार में खरीदारी, ऑस्ट्रेलिया और चीन के शेयर बाजार रहेंगे बंद
- जापान का निक्केई इंडेक्स 267 पॉइंट्स चढ़कर 30,121 पर कारोबार कर रहा है।
- कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में 4 अकों की मामूली गिरावट है, इंडेक्स 3,109 पर कारोबार कर रहा है।
- ईस्टर के चलते ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजार सोमवार को बंद रहेंगे।
- टॉम्ब स्विपिंग डे के चलते चीन और हॉन्गकॉन्ग के शेयर बाजार बंद हैं।
अमेरिकी बाजारों में S&P 500 इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
टेक्नोलॉजी शेयरों में खरीदारी के चलते गुरुवार को S&P 500 इंडेक्स पहली बार 4 हजार के पार 4019 पॉइंट्स पर बंद हुआ था। टेक शेयरों में अमेजन, अल्फाबेट और माइक्रोसॉफ्ट शामिल रहे। इसी तरह डाओ जोंस इंडेक्स 171 पॉइंट बढ़त के साथ 33,153 पर बंद हुआ। नैस्डैक इंडेक्स 233 अंक बढ़कर 13,480 अंकों पर बंद हुआ था। इससे पहले यूरोपियन मार्केट में सपाट कारोबार देखने को मिला, जिसमें फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के शेयर बाजार शामिल हैं। गुड फ्राइडे के चलते शुक्रवार को बाजार बंद था।
नए वित्त वर्ष की शुरुआत बढ़त के साथ हुई
शेयर बाजार में 1 अप्रैल को बढ़त के साथ बंद हुआ था। BSE सेंसेक्स 520 अंक चढ़कर 50,029.83 पर और निफ्टी भी 176 अंक ऊपर 14,867.35 पर बंद हुआ। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 149.41 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 296.84 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।
शेयर बाजार अपडेट LIVE...
09:26 AM BSE सेंसेक्स 391 अंक नीचे 49,638 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में इंडसइंड बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे ज्यादा 3-3% नीचे आ गए हैं। वहीं IT सेक्टर के शेयर सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में शुमार हैं।
09:15 AM BSE सेंसेक्स 9 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 50,020 पर और निफ्टी 29 अंक नीचे 14,837.70 पर खुला।
दुनियाभर के शेयर बाजारों का हाल


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें