पोवार से झगड़े को भूल चुकी हैं मिताली:महिला टीम की कप्तान ने कहा- 21 साल से खेल रही हूं, जानती हूं कि निजी मसले को तूल देने का मतलब नहीं : मुंबई - AKB NEWS

पोवार से झगड़े को भूल चुकी हैं मिताली:महिला टीम की कप्तान ने कहा- 21 साल से खेल रही हूं, जानती हूं कि निजी मसले को तूल देने का मतलब नहीं : मुंबई


 भारतीय महिला टेस्ट और वनडे क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने कहा कि कोच रमेश पोवार के साथ अब उनका कोई मतभेद नहीं है। वे 2018 में वेस्टइंडीज में टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मिली हार के बाद पोवार से हुए झगड़े को भूल चुकी हैं। मिताली ने कहा कि वे 21 साल से देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। भारत के लिए खेलने का मतलब होता है देश की सेवा करना। इसलिए निजी मसलों को तूल देने का कोई मतलब नहीं है।

पोवार के साथ नियमित मीटिंग और चर्चा
मिताली ने कहा कि कोच पोवार के साथ नियमित तौर पर उनकी मीटिंग हो रही है। साथ ही टीम की प्लानिंग को लेकर लगातार चर्चा भी होती है। इससे साफ है कि दोनों पुराने मसले को पीछे छोड़कर आगे बढ़ चुके हैं। मिताली ने कहा, 'मेरे अंदर कोई ईगो नहीं है। साथ ही मैं अपनी निजी लाइक और डिसलाइक पर ध्यान नहीं देती। मैंने ऐसा कभी नहीं किया है।'

 मिताली राज अभी पूरी टीम के साथ मुंबई में क्वारैंटाइन हैं। 3 जून को वहां से भारत की पुरुष और महिला टीम इंग्लैंड के लिए रवाना होगी।


टीम के लिए अगले 8 महीने काफी अहम
मिताली ने कहा कि उनको पता है कि क्या जरूरी है और क्या गैर जरूरी। प्रोफेशनल करियर में किसी एक बात को बहुत ज्यादा तूल देना सही नहीं है। भारतीय कप्तान ने कहा कि अगले 8 महीने महिला टीम के लिए काफी अहम है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में सीरीज खेलने के बाद टीम को अगले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी करनी है।

सात साल बाद पहला टेस्ट मैच खेलेगी महिला टीम
भारतीय महिला टीम इंग्लैंड दौरे की शुरुआत मेजबान टीम के खिलाफ टांटन में टेस्ट मैच के साथ करेगी। यह सात साल में भारतीय महिला टीम का पहला टेस्ट मैच होगा। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज होगी।

 इसके बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। वहां भी टेस्ट मैच के साथ-साथ अन्य फॉर्मेट के मुकाबले भी होंगे। ऑस्ट्रेलिया में पर्थ में खेला जाने वाला टेस्ट मैच डे-नाइट (पिंक बॉल) होगा। यह भारतीय महिला टीम का पहला डे-नाइट टेस्ट मैच होगा।

Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads