बॉलीवुड ब्रीफ:OTT पर रिलीज होगी सैफ की 'भूत पुलिस', डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लौटेंगे शाहरुख और फातिमा को नहीं काम मांगने में दिक्कत - AKB NEWS

बॉलीवुड ब्रीफ:OTT पर रिलीज होगी सैफ की 'भूत पुलिस', डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लौटेंगे शाहरुख और फातिमा को नहीं काम मांगने में दिक्कत


 सैफ अली खान, अर्जुन कपूर और जैकलीन फर्नांडीज स्टारर हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत पुलिस' OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के प्रोड्यूसर रमेश तौरानी ने इसे सिनेमाघरों में रिलीज करने के विचार त्याग दिया है। उनके मुताबिक, एक ओर जहां कोविड-19 से बने हालात सामान्य होने का कोई ठिकाना नहीं है तो वहीं, दूसरी ओर ऑडियंस की हैबिट भी बदल चुकी है, जिसमें सिर्फ बड़ी और बड़े स्टार्स की फिल्में ही सिनेमाघरों में कमाई कर पाएंगी। इसलिए उन्होंने अपनी फिल्म को OTT पर ले जाने का फैसला लिया। फिल्म 10 सितंबर को सिनेमाघरों में आने वाली थी। लेकिन बताया जा रहा है कि अब यह डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर दिखाई जाएगी।

2. OTT पर लौटेंगे शाहरुख, कई इंट्रेस्टिंग प्रोजेक्ट्स को कर रहे लाइनअप
तीन साल से बड़े पर्दे से दूर शाहरुख खान इस साल OTT प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकते हैं। हालांकि, वे एक्टर के तौर पर नहीं, बल्कि प्रोड्यूसर के तौर पर इस प्लेटफॉर्म पर लौट सकते हैं। बताया जा रहा है कि इसके लिए वे कई इंट्रेस्टिंग प्रोजेक्ट्स को सावधानी के साथ लाइनअप करने में व्यस्त हैं, जिन्हें उनके प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया जाएगा।

 शाहरुख का बैनर इससे पहले OTT के लिए इमरान हाशमी स्टारर 'बार्ड ऑफ ब्लड' और विनीत कुमार सिंह अभिनीत 'बेताल' को प्रोड्यूस कर चुका है। उन्होंने बॉबी देओल स्टारर 'क्लास ऑफ 83' भी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के लिए बनाई थी।

3. जन्मदिन के मौके पर सामने आया 'RRR' से जूनियर NTR का नया लुक
जूनियर NTR के जन्मदिन पर अपकमिंग फिल्म RRR' से उनका नया और पूरा लुक रिलीज किया गया। फिल्म के डायरेक्टर एसएस राजामौली ने सोशल मीडिया पर इसे साझा करते हुए लिखा, "मेरे भीम का दिल सोने का है।

 लेकिन जब वह विद्रोह करता है तो साहसी और निडर होता है।" दशहरे के मौके पर 13 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में जूनियर NTR 1920 के दशक के क्रांतिकारी कोमाराम भीम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में अजय देवगन, राम चरण, आलिया भट्ट और श्रिया सरन की भी अहम भूमिका है।

4. 'कहानी' फेम डायरेक्टर सुजोय घोष की फिल्म में दिखेंगे शाहिद कपूर
शाहिद कपूर बॉलीवुड के सबसे व्यस्त एक्टर्स में से एक हैं। उनके हाथ अब 'कहानी' फेम सुजोय घोष की एक थ्रिलर फिल्म लगी है। बताया जा रहा है कि एक्टर और डायरेक्टर में लंबे समय से इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा जारी है। शाहिद को कहानी पसंद आई है और सबकुछ प्लान के मुताबिक चलता रहा तो फिल्म इसी साल फ्लोर पर आ सकती है। 

हालांकि, अभी तक इसका टाइटल सामने नहीं आया है। शाहिद के अन्य प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वे 2019 में आई तेलुगु फिल्म 'जर्सी' के हिंदी रीमेक में दिखेंगे। राज एंड डीके की वेबसीरीज से वे बतौर एक्टर और एक मायथोलॉजिकल वॉर ट्रायोलॉजी से बतौर प्रोड्यूसर OTT पर डेब्यू करने जा रहे हैं।

5. फातिमा सना शेख को फिल्ममेकर्स से काम मांगने में कोई दिक्कत नहीं
'दंगल' में आमिर खान की बेटी के किरदार में नजर आईं फातिमा सना शेख का कहना है कि उन्हें फिल्ममेकर्स और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को मैसेज करने और काम के लिए उनसे संपर्क करने में कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने एक बातचीत में कहा, "मैं ऐसा इसलिए करती हूं, ताकि लोगों को याद रहे कि मैं अभी हूं। मैं ज्यादा फिल्में नहीं करती। 

इसलिए वहां ज्यादा नहीं रहती। कभी-कभी लोग कास्टिंग में भूल जाते हैं कि ये भी एक्ट्रेस है। जद्दोजहद करना बेहद जरूरी है। जब तक आप अपनी जगह के लिए नहीं लड़ेंगे। तब तक कोई कुछ नहीं करेगा। मुझे लोगों को अपने बारे में याद दिलाने और ऑडिशन देने में कोई दिक्कत नहीं है। यह कोई बुरी बात नहीं है।" फातिमा हाल ही में वेब सीरीज 'अजीब दांस्तांस' में नजर आई थीं।

6. 'अपने 2' की शूटिंग टलने पर धर्मेंद्र ने कहा- वक्त का तकाजा है
धर्मेंद्र बीते अप्रैल में बेटे सनी देओल, बॉबी देओल और पोते करण देओल के साथ 'अपने 2' की शूटिंग शुरू करने वाले थे। लेकिन कोरोना वायरस की दूसरी लहर के चलते ऐसा हो नहीं सका। जब एक बातचीत में उनसे फिल्म की शूटिंग टलने पर रिएक्शन मांगा गया तो उन्होंने कहा, "अपने' इमोशनल सब्जेक्ट पर बेस्ड फिल्म है और हम इसके सीक्वल का इंतजार कर रहे हैं।

 लेकिन फिलहाल इसकी शुरुआत के लिए सही समय नहीं है। वक्त का तकाजा है। उम्मीद और दुआ करते हैं कि जल्दी ही महामारी का यह संकट खत्म हो जाए।" धर्मेंद्र ने इस बातचीत के दौरान फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा की तारीफ की और उन्हें अपने बेटे जैसा बताया।

7. आज से OTT पर देख सकते हैं ए आर रहमान की फिल्म '99 सॉन्ग्स'
बतौर प्रोड्यूसर ए आर रहमान की फिल्म '99 सॉन्ग्स' आज यानी 21 मई से OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और जियो सिनेमा पर देखी जा सकती है। फिल्म हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में उपलब्ध होगी। ए आर रहमान ने न केवल इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है, बल्कि वे इसके को-राइटर और म्यूजिक कंपोजर भी हैं। 

विश्वेश कृष्णमूर्ति के निर्देशन में बनी इस फिल्म से एहान भट्ट और एडिल्सी वर्गस ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में डेब्यू कर किया है। फिल्म के तमिल और तेलुगु वर्जन 16 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुके हैं। विजय सेतुपति, रजनीकांत और धनुष जैसे सुपरस्टार फिल्म की तारीफ कर चुके हैं।

Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads