भारत से यूएई का हवाई सफर आज से: डेल्टा वेरियंट की वजह से होंगे कई टेस्ट, दो डोज लेने वालों को ही मिलेगी अनुमति
भारत से दुबई की उड़ानें बुधवार से शुरू हो रही हैं। डेल्टा वेरिएंट के खतरे को देखते हुए दुबई ने भारत से आने वाले यात्रियों के लिए नए प्रोटोकॉल की घोषणा की है। इसके तहत, केवल वैध निवास वीजा वाले भारत के यात्रियों को अनुमति दी जाएगी, जिन्होंने यूएई सरकार द्वारा मान्य टीकों (फाइजर, कोविशील्ड, सिनोफार्म और स्पुतनिक) की दोनों खुराक प्राप्त की हैं।
यात्रियों को प्रस्थान से 48 घंटे पहले लिए गए RTPCR टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट भी देनी होगी। केवल क्यूआर कोड वाली आरटीपीसीआर रिपोर्ट ही स्वीकार की जाएगी। यात्रियों को उड़ान के प्रस्थान से 4 घंटे पहले RTPCR टेस्ट भी कराना होगा। दुबई हवाई अड्डे पर पहुंचने पर यात्रियों का एक और परीक्षण होगा।
रिपोर्ट आने तक यात्रियों को संस्थागत क्वारंटाइन में रहना होगा। हालांकि, यूएई के नागरिकों और राजनयिकों को इससे छूट दी गई है। अमीरात एयरलाइंस ने पुष्टि की है कि यूएई सरकार डेल्टा संस्करण के साथ कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है। इसलिए थ्री लेयर टेस्टिंग और टीकाकरण की शर्त रखी गई है।
उद्योग जगत को उम्मीद, भारतीय समाज भी खुश: यूएई में उद्योग जगत ने भी इस घोषणा से राहत की सांस ली है। उद्यमी संजय पाटनी ने कहा कि हमारे कई कर्मचारी भारत में हैं, जो यात्रा या छुट्टी पर थे, अब वे वापस आ सकते हैं। दूसरी ओर भारतीय समाज प्रतिबंध हटने से खुश है। बहुत से लोग अपनी नौकरी छूटने, वेतन में कटौती या रेजिडेंसी वीजा की समाप्ति जैसे संकटों का सामना कर रहे हैं। दुबई में रिलेशनशिप मैनेजर फ़राज़ शेरवानी का कहना है कि यह खबर बड़ी राहत की बात है, अब मैं परिवार से मिल सकता हूं.


Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें