लॉकडाउन में भी व्यस्थ थे तीनों खान, शाहरुख खान से सुनीं 15 फिल्मों की स्क्रिप्ट तो सलमान और आमिर ने भी की अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की तैयारी - AKB NEWS

लॉकडाउन में भी व्यस्थ थे तीनों खान, शाहरुख खान से सुनीं 15 फिल्मों की स्क्रिप्ट तो सलमान और आमिर ने भी की अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की तैयारी

कोरोना के चलते फिल्‍मों की शूटिंगें जरूर ठप्‍प हैं, मगर फिल्‍म निर्माण के शुरूआती काम पर ज्‍यादा असर नहीं पड़ा है। निर्देशकों से जूम कॉल पर नैरशन ली जा रही हैं। लेखकों से यूनीक कहानियां लिखने को कहा जा रहा है।

 इंडस्‍ट्री के तीनों खान के बारे में ट्रेड पंडितों का कहना है कि वे लगातार नई स्क्रिप्‍टें पढ़ रहे हैं। कुछ में वे खुद मेन लीड प्‍ले करेंगे। कइयों को वे अपने बैनर तले प्रोड्यूस करेंगे। इस बात की ताईद तीनों खान की टीम ने भी किया है। उनके मुताबिक स्क्रिप्‍ट पिच होने की प्रक्रिया तो आम बात है। इस लॉकडाउन और अब अनलॉक फेज में भी ऐसा होता रहा है। पर उसकी तादाद कितनी रही, वह आधिकारिक तौर पर इस वक्‍त बता पाना मुश्किल है।

शाहरुख खान ने पढ़ी 15 फिल्मों की स्क्रिप्ट

उधर ट्रेड पंडितों का कहना है कि तीनों खान में सबसे ज्‍यादा तकरीबन 15 स्क्रिप्‍टों पर शाहरुख खान ने नैरेशन ली हैं। उनमें से वे आठ पर फिल्‍मे बनाएंगे। चार में वह खुद एक्‍ट कर सकते हैं और बाकियों पर वे वेब शो बनाएंगे, जो नेटफ्लीक्‍स के लिए होंगी। उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि अमेजन वाले भी शाहरुख के बैनर से वेब शोज बनाने को लेकर करार करना चाहते हैं। इस पर कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है।

बहरहाल, जिन 15 स्क्रिप्‍ट्स पर ट्रेड के गलियारों में चर्चाएं हैं, उनमें राजकुमार हिरानी, तिग्‍मांशु धूलिया, पुलकित, अली अब्‍बास जफर, अमर कौशिक, अमित रविचंद्रन शर्मा की स्क्रिप्‍टें दौड़ में सबसे आगे हैं।

मधुर भंडारकर के संग रेत माफिया वाली क्राइम थ्रिलर को लेकर भी बातें लगभग अंतिम चरण में हैं।

हिरानी के साथ शाहरुख पंजाब से कनाडा माइग्रेट करने वाले पंजाबियों की कहानी कहने वाले हैं। इसे कणिका ढिल्‍लन लिख रही हैं।

तिग्‍मांशु के साथ शाहरुख ददुआ डकैत के लिए कोलेबोरेट कर सकते हैं। इसमें दिवंगत एक्टर इरफान भी थे।

अली अब्‍बास जफर पर एक स्‍पोर्ट्स लेजेंड को लेकर बातें चल रही थीं।

शिमित अमीन को शाहरुख के बैनर का वेब शो डायरेक्‍ट करने के लिए ऑन बोर्ड लाया जा रहा है।

श्रीराम राघवन के साथ नहीं साइन की शाहरुख ने कोई फिल्म

अलबत्‍ता, श्रीराम राघवन के साथ शाहरुख की कोई फिल्‍म नहीं हो रही। पिछले साल अगस्‍त में जब दोनों मेलबर्न में एक फिल्‍म फेस्टिवल के दौरान मिले थे तो तब खबर आई थी कि दोनों एक थ्रिलर करने को राजी हैं। पर अब राघवन की फिल्‍मों के प्रोड्यूसर संजय राउत्रे ने इसे खारिज किया है। उनका कहना है कि मेलबर्न में एक इवेंट में सब लोग मिले थे। वहां कोई बात नहीं हुई। इस लॉकडाउन में भी न तो शाहरुख की तरफ से कोई मैसेज आया और न ही हमारी तरफ से कोई पिचिंग हुई है।

एक समय में एक ही प्रोजेक्ट करते हैं आमिर खान

आमिर खान को लेकर ट्रेड पंडितों का कहना है कि आमिर एक बार में एक ही प्रोजेक्‍ट पर फोकस करने वाले इंसान हैं। साथ ही वो जिस प्रोजेक्‍ट पर होते हैं, उसमें न चाहते हुए भी उनका क्रिएटिव दखल इतना बढ़ जाता है कि डायरेक्‍टर के सब्र की इम्तिहा लंबी हो जाती है। एक अनकही शर्त यह भी होती है कि आमिर के साथ काम करने वाले डायरेक्‍टर और कोई प्रोजेक्‍ट न करें। राजकुमार हिरानी और नीतेश तिवारी के साथ भी इंतजार लंबा खिंच रहा था। लिहाजा हिरानी ने शाहरुख का रुख किया। वहीं दूसरी तरफ नीतेश दूसरे प्रोजेक्‍ट्स में बिजी हैं।

इस लॉकडाउन में आमिर पूरी तरह लाल सिंह चड्ढा में बिजी रहे। थोड़ा बहुत उन्‍होंने सुभाष कपूर की मोगुल की स्क्रिप्‍ट को पढ़ा। कइयों ने बताया कि रॉनी स्‍क्रूवाला के साथ उनकी बातें मुमकिन हैं। अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की बायोपिक को फिर से आमिर के साथ बनाने की तैयारी है। पिछले सालों में वह शाहरुख और विक्‍की कौशल को ऑफर की गई थी। ऐसा हो पाता है कि नहीं, वह देखना रोचक होगा।

सलमान खान को लेकर कहा तो गया कि उन्‍होंने भी जूम कॉल पर कइयों से नैरेशन लीं, मगर इसे उनके करीबियों ने गलत बताया। उन सबने कहा कि सलमान जूम कॉल पर बैठ इंटरनेट सिग्‍नलों के आते जाते रहने वाले माहौल में नैरेशन वालों में से नहीं हैं। उन्‍हें कहानी पसंद आती है तो वो राइटर या डायरेक्टर को बुला ही लेते हैं। उन्‍होंने राधे को लेकर भी ज्‍यादा बातचीत नहीं की है। सिवाए इसके कि बरसात खत्‍म होने पर बचे हुए पोर्शन की शूटिंग की जाए।

ट्रेड पंडितों का कहना है कि अगर ऐसे ही सूरतेहाल रहे तो वैक्‍सीन आने और कोरोना के चले जाने के बाद आने वाले सालों में तीनों खान में से सबसे ज्‍यादा शाहरुख फिल्‍में करते नजर आ सकते हैं।






from Dainik Bhaskar
Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads