विधायकों में बढ़ रही नाराजगी... दिल्ली से लौटे 3 विधायकों ने की बैठक, फिर जाएंगे
प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। अगर समय रहते संगठन ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो आने वाले दिनों में इसका कुप्रभाव पार्टी पर पड़ सकता है। यही बात समझाने कांग्रेस के नाराज चल रहे तीन विधायक दिल्ली गए थे। बुधवार को तीनों विधायक दिल्ली से लौटे और गुरुवार को रांची में फिर बैठक कर भविष्य की रणनीति तैयार की। तय किया कि बकरीद और रक्षाबंधन के बाद तीनों एक बार फिर दिल्ली जाएंगे और पार्टी के आला नेताओं से मुलाकात कर उनके समक्ष राज्य की राजनीतिक स्थिति और संगठन से संबंधित जानकारी रखेंगे।
ये विधायक प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सह सांगठनिक मामलों के प्रभारी केसी वेणुगोपाल से मुलाकात करेंगे। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह और राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू के बीच बातचीत होनी थी, लेकिन नहीं हो पाई। धीरज साहू के साथ ही तीनों विधायक दिल्ली गए थे।
एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत लागू होना चाहिए : डॉ. इरफान
गुरुवार को एक बार फिर डॉ. इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला एवं राजेश कच्छप ने अपनी बात रखी। डॉ. इरफान ने कहा कि विधायक नाराज नहीं हैं। लेकिन वह अपनी बात रखने के लिए आलाकमान के पास गए थे, ताकि उनकी बात सुनी जाए। पार्टी में एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत लागू होना चाहिए। दायित्वों का बंटवारा होना चाहिए।
यादव को मंत्रीमंडल में स्थान मिलना चाहिए : उमाशंकर
विधायक उमाशंकर अकेला ने कहा कि राज्य में मंत्री का एक पद खाली है और इसे भरा जाना चाहिए। पलामू से लेकर गोड्डा तक यादवों की बड़ी संख्या है और इसे ध्यान में रखते हुए आलाकमान को यादव को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देना चाहिए। दिल्ली में पार्टी के आला नेताओं से उनकी क्या बात हुई है, यह मीडिया को नहीं बताया जा सकता।
अगर कहीं कुछ है तो प्रदेश अध्यक्ष करेंगे बात : आरपीएन सिंह
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि वर्तमान में विधायकों में किसी तरह की कोई नाराजगी नहीं है। अगर कहीं कोई बात है, तो इस पर ध्यान देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव को कहा गया है।
अंदर की बात... प्रदेश प्रभारी से मिलने का तीनों विधायक ने नहीं लिया था समय
झारखंड से दिल्ली गए कांग्रेस के तीन विधायकों ने जहां अहमद पटेल और गुलाम नबी आजाद से मुलाकात की और केसी वेणुगोपाल से मिलने का समय लिया था। वहीं इन नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह से मिलने का कोई समय नहीं लिया था। तीनों विधायकों ने सिर्फ दोनों नेताओं को यह बताया है कि कांग्रेस के कुल 9 विधायक नाराज चल रहे हैं। समय रहते ठीक नहीं किया गया, तो यहां कुछ भी हो सकता है। यह भी बताया जा रहा है कि इन्होंने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के मामले में भी कुछ बातें रखी हैं।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें