जेल से रिमांड पर लिए गए 4 शूटरों में से 1 मिला संक्रमित, पॉजिटिव रिपोर्ट वाले को आइसोलेशन सेंटर भेजा गया
चुटिया पुलिस ने गैंगस्टर अमन साव गिरोह के चार शूटरों को पूछताछ के लिए बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से 24 घंटे की रिमांड पर लिया था। इनमें अभिजीत, अजय, शिव नारायण व बागची शामिल थे। जेल से लाने के बाद बुधवार को इन सभी की सदर अस्पताल में कोरोना जांच कराई गई तो एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जैसे ही यह सूचना चुटिया थाना पहुंची; तीन शूटर जो निगेटिव थे, उन्हें वापस जेल भेज दिया गया व पॉजिटिव रिपोर्ट वाले को आइसोलेशन सेंटर। चुटिया पुलिस इन चारों को बाद में पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी।
लेकिन, चुटिया पुलिस ने जब 12 जुलाई को अमन के 5 शूटरों को गिरफ्तार किया था, तब एक पॉजिटिव था। उस वक्त 4 शूटरों को होटवार जेल भेज दिया गया। 16 दिनों बाद पुलिस इन चारों को रिमांड पर ली तो इनमें से एक पॉजिटिव निकला है, अब सवाल यह उठ रहा है कि जब चारों की रिपोर्ट जेल भेजने से पहले निगेटिव थी, तो एक पॉजिटिव कैसे हो गया?
सदर में अमन साव की भी कोरोना जांच हुई : चुटिया पुलिस गैंगस्टर अमन साव को भी दो दिनों की रिमांड पर ली है। पुलिस गुरुवार को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से उसे निकालकर सीधे सदर अस्पताल ले गई, वहां कोरोना जांच के लिए उसका सैंपल लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उससे पूछताछ की जाएगी। अगर वह भी पॉजिटिव निकलता है तो उसे भी वापस बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया जाएगा।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें