अब पलामू मेडिकल कालेज में होगी कोरोना जांच सीएम ने किया वायरोलॉजी लैब का उद्घाटन - AKB NEWS

अब पलामू मेडिकल कालेज में होगी कोरोना जांच सीएम ने किया वायरोलॉजी लैब का उद्घाटन

राज्य में अब पलामू मेडिकल कालेज में भी कोरोना की जांच हो सकेगी। सीएम हेमंत सोरेन ने बुधवार को यहां बनाए गए अत्याधुनिक वायरोलॉजी लैब का ऑनलाइन उद्घाटन किया। मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार शुरुआती दिनों से ही तेज गति से काम कर रही है। संक्रमण के शुरुआती दौर में कोरोना टेस्ट के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना पड़ा था, लेकिन जल्द ही राज्य में तीन लैब शुरू हो गए। अब पलामू में भी लैब स्थापित हो गया है।

जल्द ही संथाल परगना में दुमका मेडिकल कालेज में भी कोविड-19 जांच प्रयोगशाला का शुभारंभ किया जाएगा। इन लैब के बन जाने से रिम्स सहित अन्य लैब पर लोड घटेगा। लोगों की जांच ज्यादा होगी और रिपोर्ट भी जल्द मिलेगी। राज्य सरकार द्वारा कोविड-19 की तत्काल जांच के लिए जिलों में ट्रूनेट मशीन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जल्द ही प्रखंड स्तर पर भी जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

क्या है वायरोलॉजी लैब में खास...

पलामू मेडिकल कालेज में एम्स रायपुर के मार्गदर्शन में फ्रेजा फाउंडेशन द्वारा लैब तैयार किया गया है। इस लैब में प्रतिदिन 1000 से 1500 सैंपल की जांच हो सकेगी। लैब मात्र 45 दिनों में तैयार हुआ है। यह बायोसेफ्टी लेबल-2 लैब है। इसमें आरटीपीसीआर की दो मशीनें लगी हैं। कई तकनीकी उपकरण लगाये गए हैं, जिससे कम समय में ज्यादा जांच हो सकेगी।

सरकार कोरोना को नियंत्रित करने का लगातार कर रही प्रयास : बन्ना

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार हर दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्र में गंभीरता दिखाई है। पलामू मेडिकल कॉलेज में नई प्रयोगशाला का उद्घाटन हो गया। राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं।

जांच प्रयोगशाला के लिए कई स्तर पर अनुमति की पड़ती है जरूरत : मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में कोविड-19 की कोई वैक्सीन या दवा उपलब्ध नहीं हो सकी है। संक्रमण से बचने का एक ही तरीका है। खुद का ख्याल रखें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। कोरोना संक्रमण बड़ी चुनौती के रूप में आई। सीमित संसाधनों में संक्रमण के हर पहलु पर नजर रखी गई, इसलिए अन्य पड़ोसी राज्यों के मुकाबले हम संक्रमण को नियंत्रित रख पा रहे हैं।

उद्घाटन मौके पर ये थे उपस्थित

उद्घाटन के अवसर पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, स्वास्थ्य सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी उपस्थित थे। वहीं कार्यक्रम स्थल पलामू में छतरपुर विधायक पुष्पा देवी, डीआईजी आरके लकड़ा, उपायुक्त शशि रंजन, एसपी अजय लिंडा, पीएमसीएच के प्राचार्य डॉ. जे. शरण प्रसाद, अधीक्षक डॉ. केएन सिंह, आदि उपस्थित थे।






from Dainik Bhaskar
Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads