8429 लोगों का टेस्ट, 345 पॉजिटिव सबसे अधिक शहर के, 31 में लक्षण
स्पेशल रैपिड एंटीजेन टेस्ट में जिले के 345 कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं। जिला में इतनी बड़ी संख्या में पहली बार बिना लक्षण वाले संक्रमित मिले हैं। प्रशासन ने मंगलवार को जिले के 30 स्थानों पर स्पेशल रैपिड एंटीजेन टेस्ट अभियान शुरू किया। जांच में 80 टीमों को लगाया। अभियान आज भी जारी रहेगा। दो दिनों तक चलने वाले इस अभियान के पहले दिन 8429 लोगों का सैंपल लिया गया। पाॅजिटिव मिले व्यक्तियों को होम क्वारेंटाइन की सलाह दी है। चार से छह दिनों में इन लोगों की एक बार फिर से जांच होगी।
इनकी गतिविधियों पर भी नजर रखने की जिम्मेदारी सर्विलांस टीम को दी है। पाॅजिटिव के परिजनों की भी जांच होगी। रैपिड एंटीजेन टेस्ट टीएमएच, कंपनी परिसर में भी चलाया गया। रैपिड जांच अभियान जांच के दौरान पाॅजिटिव व्यक्तियों के घर पर दवा की आपूर्ति की जाएगी। डीसी सूरज कुमार ने जिले के ड्रग इंस्पेक्टरों को आदेश दिया है कि संबंधित इलाके की दवा दुकानदारों के द्वारा होम आइसोलेशन में रखे गए पाॅजिटिव व्यक्तियों के घर में दवा की आपूर्ति की जाए।
यहां भी देरी.. किट पहुंचने में देरी, फिर भी लक्ष्य के पास
स्पेशल रैपिड एंटीजेन टेस्ट करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के लिए रांची से पीपीई किट की आपूर्ति की है। पीपीई किट सोमवार को ही जिला मुख्यालय पहुंचना था, पर जिस वाहन से पीपीई किट लाया जा रहा था वो रास्ते में खराब हो गई। मंगलवार को पीपीई किट की आपूर्ति जांच टीम को थी, इसके बावजूद स्वास्थकर्मियों ने 8429 व्यक्तियों का जांच काम शाम पांच बजे तक पूरा कर लिया।
सघन आबादी.. शहर में हर दिन अधिक मिल रहे मरीज
टेस्ट में गांव की तुलना में शहर में ज्यादा संख्या में कोरोना पाॅजिटिव पाए गए । शहरी क्षेत्र में सघन आबादी व एक- दूसरे के साथ सोशल कंटैक्ट के कारण संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है जबकि ग्रामीण इलाके के लोग ज्यादा सावधानी बरत रहे हैं। गांव में बाहरी लोगों के प्रवेश में आसान नहीं है। काफी पूछताछ के बाद ही लोगों को गांव में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें