अंगद बेदी चाहते हैं कि उनकी बेटी बड़ी होकर सानिया मिर्जा, साइना नेहवाल और दीपिका पादुकोण से प्रेरणा ले
लगभग दो साल पहले अंगद बेदी और नेहा धूपिया के घर बेटी मेहर धूपिया बेदी का जन्म हुआ था। जिसे लेकर अंगद बेदी का कहना है कि वे चाहते हैं कि उनकी बेटी रियल लाइफ नायिकाओं जैसे गुंजन सक्सेना, दुती चंद, सानिया मिर्जा, साइना नेहवाल और दीपिका पादुकोण से प्रेरणा लें।
अभिनेता कहते हैं कि 'ये वे महिलाएं हैं, जिन्होंने उनके जीवन को प्रेरित किया है और वो इस प्रेरणा को अपनी बेटी पर भी बरसाना चाहेंगे। वे चाहते हैं कि उनकी बेटी अपनी पसंद के किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करे। चाहे वो सानिया मिर्जा हों या साइना नेहवाल या फिर दुती चंद। इन सभी ने अलग-अलग खेलों में अपनी उपलब्धियों से भारत को गौरवान्वित किया है।'
आगे उन्होंने कहा, 'दूसरी ओर दीपिका पादुकोण हैं, जो ना केवल एक विश्व प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं बल्कि भारत की एक मानसिक स्वास्थ्य एम्बेसडर भी हैं। वे उन नायिकाओं में से एक हैं जिन्होंने अपने अभूतपूर्व काम से भारत को ग्लोबल मैप पर उजागर किया है।'
इसी वजह से अंगद बेदी चाहते हैं कि उनकी बेटी बड़ी होने पर इन्हीं से प्रेरणा ले। उन्हें लगता है कि ये वो महिलाएं हैं जिन्होंने हमें दुनिया के नक्शे पर खड़ा किया है और हमें वैश्विक पहचान दिलाई है। अंगद इन दिनों अपनी फिल्म गुंजन सक्सेनाः द कारगिल गर्ल की वजह से चर्चा में हैं। जिसमें उन्होंने जान्हवी कपूर के भाई की भूमिका निभाई है। इस फिल्म में पिता और बेटी के रिश्ते को बेहद खूबसूरती के साथ बताया गया है।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें