अपराध की योजना बनाते युवकों ने पुलिस से की हाथापाई, पीसीआर में भी तोड़फोड़
गोंदा थाना क्षेत्र स्थित बसंत बिहार में छह युवक एक जगह जमा होकर अपराध की योजना बना रहे थे। इस सूचना पर शनिवार की शाम पुलिस पहुंची तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू करते हुए हाथापाई की। पेट्रोलिंग गाड़ी ने तुरंत पीसीआर-10 को बुलाया, तब तक अपराधी किस्म के युवक गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए फरार हो गए। इस मामले में पुलिस पदाधिकारी विनय कुमार साव के बयान पर मनीष ओझा और प्रशांत सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पदाधिकारी विनय कुमार ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान वरीय पदाधिकारी द्वारा सूचना मिली कि बसंत विहार में कुछ युवक एक जगह जमा होकर लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए अपराध की योजना बना रहे हैं। कुछ लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहे हैं। इसी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक उलझ गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। घटना की जानकारी पीसीआर-10 को दी गई। हालांकि, तब तक सभी युवक गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद धमकी देते हुए फरार हो गए। इस दौरान अपराधिक किस्म के युवकों ने मौके पर मौजूद कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की। पुलिस जांच में इस बात की जानकारी मिली कि मारपीट कर रहे युवकों में मनीष ओझा और प्रशांत सिंह शामिल था।
इधर, खेलगांव में 2 घटनाएं घटी... पिता-पुत्र ने किया हमला
सैनिक कॉलोनी में कर रहे थे काम
खेलगांव के सैनिक कॉलोनी में फूला देवी के घर के बाहर बाउंड्री वॉल देने के लिए पिलर का काम कर रहे मिस्त्री व मजदूर पर पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र ने रविवार की दोपहर अचानक हमला कर दिया। मिस्त्री राज किशोर साहू और लेबर का काम कर रहे उनका बेटा छोटेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मिस्त्री राजकिशोर ने मामले में आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित राजकिशोर ने बताया है कि वह सैनिक कॉलोनी में फूला देवी के घर के बाहर बाउंड्री वॉल देने के लिए पिलर का काम कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस के घर में रहने वाले प्रदीप दुबे और उनका बेटा सत्य प्रकाश दुबे अपनी छत से अचानक ईट-पत्थर से हमला कर दिया। सभी मौके से भागने लगे, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हाे गए।
दो परिवारों में मारपीट, दोनों ने दर्ज कराया केस
खेलगांव स्थित सैनिक कॉलोनी में शनिवार की देर शाम दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट की। दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज हुई। एक पक्ष में पम्मी सिंह ने पड़ोस में रहने वाली पूनम सिंह पर आरोप लगाया है कि उसके पति के साथ पूनम का अवैध संबंध है। पूनम सिंह ने पम्मी पर आरोप लगाया कि वह अपनी बहन के साथ आकर मारपीट करते हुए गाली-गलौज की।
सुरक्षा ताक पर... बकरीद के दिन फायरिंग
बकरीद के दिन पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने का दावा झूठा हो गया। शनिवार की रात 9.30 बजे बाइक सवार अपराधियों ने न्यू मधुकम स्थित छोटानागपुर स्कूल के पास फायरिंग कर फरार हो गए। 24 घंटे बाद भी पुलिस अपराधियों के पकड़ने के बजाए फुटेज निकालने के लिए सीसीटीवी तलाश रही है। सुखदेव नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू ने कहा कि घटनास्थल पर सीसीटीवी नहीं लगा हुआ है। कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि मामले में न्यू मधुकम निवासी रोहित ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। रोहित ने बताया है कि बाइक सवार तीन अपराधी करीब आए और गोली चलाई, बाल-बाल बच गया। केस दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें