पैथकाइंड लैब में धांधली... जिसे बताया पॉजिटिव वह नेगेटिव निकला; जांच बंद - AKB NEWS

पैथकाइंड लैब में धांधली... जिसे बताया पॉजिटिव वह नेगेटिव निकला; जांच बंद

अगर आप शहर के निजी लैब में कोरोना की जांच करा रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। शहर के कई लैब में कोरोना जांच के नाम पर काला धंधा चल रहा है। इसका खुलासा शनिवार को उस समय हुआ जब सदर एसडीओ लोकेश मिश्रा के पास कुछ लोगों की शिकायत आई। उन्होंने बताया कि कांटाटोली में मंगल टॉवर स्थित पैथकाइंड लैब में कोरोना की जांच कराने पर कुछ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, लेकिन सदर हॉस्पिटल और मेडिका में जब उनकी आरटीपीसीआर जांच कराई गई, तो रिपोर्ट नेगेटिव आ गई।

लोगों की यह भी शिकायत थी कि लैब के कर्मचारी सड़क पर ही लाइन में खड़ा करके सैंपल लेते हैं और निर्धारित फाॅर्म में रिपोर्ट नहीं देते हैं। शनिवार देर शाम लैब पहुंचे एसडीओ ने लैब संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने गलत जांच रिपोर्ट के मामले में एक मेडिकल टीम बना दी। यह टीम लैब द्वारा जारी रिपोर्ट की जांच करेगी। एसडीओ ने लैब में कोविड-19 जांच पर रोक लगा दी। डीसी छवि रंजन ने इसे गंभीरता से लेते हुए लैब संचालक को 2 दिनों के अंदर जवाब व आईसीएमआर से प्राप्त सर्टिफिकेट के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।

यहां भी गड़बड़झाला... सैंपल कलेक्शन करने वाले किसी कर्मचारी की नहीं हुई कोरोना जांच

लैब में घर-घर सैंपल कलेक्शन की सुविधा है, लेकिन सैंपल कलेक्शन करने वाले किसी भी कर्मचारी की कोविड-19 जांच नहीं कराई गई है। इस गड़बड़ी पर एसडीओ ने डोर टू डोर सैंपल कलेक्शन पर भी रोक लगा दी। एक अधिकारी ने बताया, पहले भी कुछ निजी लैब की रिपोर्ट में गड़बड़ी की बात सामने आ चुकी है। कांटाटोली, एमजी रोड, लालपुर और बरियातू में संचालित कुछ निजी लैब में जांच कराने वाले कई लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसी आधार पर कई लोगों ने खुद को होम क्वारेंटराइन कर लिया। लेकिन डर से कोई सरकारी हॉस्पिटल में दोबारा जांच कराने नहीं पहुंचा।

सेंटेविटा हॉस्पिटल प्रबंधन को नोटिस

सेंटेविटा हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित को भर्ती नहीं लेने की शिकायत मिलने के बाद डीसी ने हॉस्पिटल प्रबंधन से जवाब मांगा है। प्रबंधन से मरीज का कोविड-19 टेस्ट करने की मिली अनुमति के संबंध में आईसीएमआर और राज्य सरकार से प्राप्त अनुमति पत्र मांगा गया है। साथ ही संक्रमित को भर्ती नहीं करने, प्रशासन को जानकारी नहीं देने पर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।

गलत करने वालों पर कार्रवाई होगी : डीसी

कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सभी को पूरी जिम्मेवारी से काम करना होगा। हर व्यक्ति का जीवन महत्वपूर्ण है। इसमें लापरवाही के लिए कोई रियायत नहीं है। निर्देशों का उल्लंघन करते हुए कोई गलत करता है तो उस पर कार्रवाई होगी।
छवि रंजन, डीसी, रांची





from Dainik Bhaskar
Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads