बकरीद पर घरों में पढ़ी गई नमाज, मस्जिदों पर था पुलिस का पहरा
गिरिडीह शहर में शांति और सौहार्द्रपूर्ण तरीके से इर्द-उल-अजहा मना। भाइचारगी के साथ लोगों ने बकरीद मनाया और बकरे की कुर्बानी दी। कोरोना संक्रमण पर सरकार के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए लाेग मस्जिदों में नहीं जुटे। सबों ने अपने अपने घरों में ही नमाज अता की। मस्जिदों में केवल मौलाना और अंजुमन के कुछ एक सदस्यों ने नमाज अता की अौर कोरोना के कहर से देश और दुनिया में शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के लिए दुआ की।
कोरोना ने पर्व को काफी प्रभावित किया। शहर में त्योहार को लेकर कोई रौनक नहीं दिखा। बाजार में सन्नाटा ही पसरा रहा। लॉकडाउन में बेरोजगारी के चलते इस बार काफी घरों में बकरे की कुर्बानी नहीं हुई। बहुत ही कम खर्च में किसी तरह से पर्व निबटा लिया। गांडेय विधायक ने बोड़ा स्थित अपने आवास पर नमाज अता की और लोगों के स्वस्थ्य, भाईचारे और शांति की दुआ मांगी। वहीं पर्व में शांति बनाए रखने के लिए मस्जिदों व चौक चैराहों पर दंडाधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। जगह जगह पर सुरक्षा बलों की तैनाती थी।
इधर मौलाना और अंजुमन की ओर से अपील की गई थी कि कुर्बानी और नमाज अता करने के दौरान डिस्टेंसिंग का पालन करें। लिहाजा इस बार लोगों को एक दूसरे के घरों में पूर्व की तरह कम आते जाते दिखा। पहले की तरह इस बार सगे-संबंधियों और मित्र-कुटुंब का आना कम हुआ। हालांकि पर्व शांतिपूर्वक तरीके से मना। कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना शहर में नहीं आई। जिससे पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें