झारखंड में पहले दिन 31% छात्र नहीं दे पाए जेईई मेन, झारखंड के 1935 छात्र-छात्राओं में 1327 ने ही परीक्षा दी
कोरोना संक्रमण के बीच छह दिन चलने वाली ज्वाइंट इंट्रेस एग्जाम (जेईई) मेन मंगलवार से शुरू हो गया। पहले दिन झारखंड के 1935 छात्र-छात्राओं में 1327 ने ही परीक्षा दी। विभिन्न कारणों से 31.42% छात्र सेंटर नहीं पहुंचे। परीक्षा केंद्रों में छात्र-छात्राओं को दोहरी परीक्षा से गुजरना पड़ा। केंद्र में प्रवेश से पहले शारीरिक जांच की गई। कोरोना गाइडलाइन के अनुसार एहतियातों का पालन कराया गया। रांची के तुपुदाना स्थित टीसीएस आइओएन डिजिटल सेंटर में 820 छात्रों में 656 ही उपस्थित रहे। सुबह सात बजे से ही छात्र पहुंचने लगे थे। सेंटर के एंट्री गेट से 70 मीटर पहले वेटिंग प्वाइंट बनाया गया था, जहां से केवल परीक्षार्थियों को ही एंट्री दी जा रही थी।
बाइक से बेटी को परीक्षा दिलाने नालंदा से आए रांची
बिहार के नालंदा निवासी धनंजय कुमार बेटी को परीक्षा दिलाने बाइक से तुपुदाना परीक्षा केंद्र पहुंचे। सफर में उन्हें 12 घंटे लगे। बस नहीं चलने के कारण उन्हें बाइक का विकल्प अपनाना पड़ा।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें