जिले में 699 बुजुर्ग स्वस्थ हुए एक्सपर्ट बोले- अस्पताल जल्द आने से और बढ़ेगा रिकवरी रेट, 462 मरीज ठीक होकर लौटे घर
कोरोना से अबतक 60 साल से अधिक उम्र के 699 मरीज ठीक हो चुके हैं। इनमें 430 पुरुष व 269 महिलाएं हैं। वैसे पूर्वी सिंहभूम में 12 मई से अबतक 9844 मरीज मिले हैं, जिसमें 6793 ठीक हो चुके हैं। यानी जिले का रिकवरी रेट 70.4% है, जो राष्ट्रीय रेट 77.32% व झारखंड के 71.18 से कम है। एक्सपर्ट के अनुसार, संक्रमितों को जल्दी अस्पताल पहुंचाया जाए तो मौतें कम होंगी व रिकवरी रेट भी बढ़ेगा। 60-69 उम्र केटेगरी में 462 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं।
जिले में 255 लोगों की कोरोना से हुई मौतें
जिले में 255 मरीजों की मौत कोरोना से हुई है, जो प्रदेश के जिलावार आंकड़ों में सबसे अधिक है। मौत के कारणों के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा केंद्रीय टीम को दिए तर्क में कहा - मृतकों में 96% कोरोना के साथ अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। आईएमए जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष व फिजिशियन डाॅ. उमेश खां ने कहा- कोरोना से मौत का कारण गंभीर बीमारी व देर से अस्पताल पहुंचना है।
कोरोना की जानकारी होने के बावजूद कई मरीज घर में रह रहे हैं। नतीजा उन्हें लग रहा है कि उन्हें तो सर्दी-खांसी हुई है जबकि वायरस उनके फेफड़ों को खराब कर रहा है। अस्पताल पहुंचने व इलाज शुरू होने के कुछ घंटों बाद ऐसे मरीजों की मौत हो जा रही है। इसे रोक सकते हैं।
कोरोना से मरने वाले 12 का किया अंतिम संस्कार
संक्रमण से मरने वाले 12 लोगों के पार्थिव शरीर का शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया। इन लोगों की अस्पताल में मौत हो गई थी। मरने वालों में 11 शव का अंतिम संस्कार भुइयांडीह स्थित सुवर्णरेखा घाट पर किया गया जबकि एक को साकची कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें