नदी में नहाने गए तीन चचेरे भाई बहे, एक का शव मिला
मेदिनीनगर (डालटनगंज) और लातेहार जिले की सीमा पर केचकी कोयल-औरंगा नदी के संगम में नहाने गए तीन युवक तेज धारा में बह गए। इनमें अशाेक साव के बेटे नीरज कुमार (18) का शव मिला है। दो की तलाश जारी है। मेदिनीनगर के रेड़मा निवासी सात युवक मंगलवार की सुबह 6 बजे दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल से संगम नहाने गए थे। वन विभाग के बंगला के पास बाइक खड़ा कर सभी नदी में नहाने चले गए। नदी में पानी का बहाव तेज था। इसका अंदाजा युवकाें काे नहीं था और साताें युवक तेज धारा में बहने लगे।
इस दाैरान आदित्य, अंकित, अभिषेक और मृत्युंजय तैरकर बाहर निकल गए। लेकिन, नीरज कुमार, सोनू कुमार गुप्ता (17) और अभिनव कुमार उर्फ टोनू (18) बह गए। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। इसके बाद तीनों युवकाें की खोजबीन शुरू की गई। नीरज को चियांकी के बखारी गांव में कोयल नदी में बहते देखा गया। गांव के लोगों ने उसे बाहर निकाला। तब नीरज की सांसें चल रही थीं। लोगों ने बाइक से उसे डालटनगंज पीएमसीएच हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
from Dainik Bhaskar

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें