पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, ग्रामीणाें ने पंचायत कर महिला सहित तीन काे पीटकर मार डाला - AKB NEWS

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, ग्रामीणाें ने पंचायत कर महिला सहित तीन काे पीटकर मार डाला

रायडीह थाना क्षेत्र के डेंगरडीह गांव में अवैध प्रेम संबंध ने चार लाेगाें की जान ले ली। नीलम कुजूर (35) ने प्रेमी सुदीप डुंगडुंग (30) और उसके साथी प्रकाश कुल्लू (32) के साथ मिलकर पति मरियानूस कुजूर (42) की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी। सूचना पाकर जमा हुए ग्रामीणाें ने साेमवार रात 12 बजे पंचायत कर तीनाें काे माैत की सजा सुनाई । फिर महिला, उसके प्रेमी और दाेस्त काे लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला। मंगलवार सुबह पुलिस काे एक ही घर के आंगन से चार लाशें मिलीं। सुदीप और प्रकाश सिमडेगा जिला में केरसई थाना क्षेत्र के नोनगढ़ा का रहने वाला था। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल और बाइक बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में करीब 100 अज्ञात लाेगाें के खिलाफ केस दर्ज किया है।

मारियानूस के भाई अबराम कुजूर ने बताया कि नीलम का सुदीप के साथ अवैध संबंध था। दोनों युवक अक्सर उसके घर आते रहते थे। तीनाें ने मिलकर भाई की हत्या की याेजना बनाई थी। सोमवार शाम दोनों युवक बाइक से नीलम के घर पहुंचे। नीलम ने याेजना के तहत पति की हत्या करवा दी। गुमला एसपी हृदीप जनार्दनन के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग का है। पुलिस आराेपी ग्रामीणाें की पहचान कर रही है। डीआईजी अखिलेश कुमार झा ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद तीन बच्चों को मदद का आश्वासन दिया है।

मासूमाें का क्या कसूर

मां ने बाप काे मरवा दिया। गांव वालाें ने मां काे मार डाला। इस दंपती के तीन बच्चे हैं। 15 साल का बेटा विकास कुजूर, 10 साल का बेटा दीपक कुजूर और पांच साल की बेटी नेहा। इन मासूमाें का काेई कुसूर नहीं था। अब इन्हें कौन देखेगा।

पंचायत ने भी दी थी महिला काे सुधरने की हिदायत

मरियानुस पुणे में मजदूरी करता था। लॉकडाउन के दौरान मरियानुस गांव लौटा तो पत्नी के प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली। इस पर गांव में पंचायती हुई थी। पंचायत ने भी नीलम को चाल-चलन में सुधार लाने काे कहा गया था। इसके बावजूद भी सुधार नहीं हुआ। प्रेम प्रसंग में रोड़ा बन रहे पति काे रास्ते से हटाने के लिए नीलम ने जाल बिछाया। सोमवार रात करीब 10 बजे प्रेमी सुदीप अपने साथी प्रकाश के साथ गांव पहुंचा। दोनों ने जमकर शराब पी।

नशे में धुत होकर मरियानुस के घर पहुंचा। उस समय मरियानुस सो रहा था। नीलम ने बड़े बेटे को गांव वालों के साथ मकई के खेत का पहरा करने और छोटे बेटे-बेटी को पड़ोस की दादी के घर सोने भेज दिया था। नीलम ने दोनों के साथ मिलकर पति की गला दबा कर हत्या करने की कोशिश की। मगर मरियानुस जाग गया और वह शोर मचाने लगा। इसके बाद कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

पहले तीनाें काे पकड़कर बांधा, फिर की पंचायत

शोर सुनकर मकई के खेत का पहरा दे रहे लाेग पहुंचे। उन्हाेंने ग्रामीणाें काे सूचना दी। इसके बाद दर्जनाें ग्रामीण ने मरियानुस के घर को घेर लिया। नीलम ने जैसे ही दरवाजा खोला, ग्रामीणाें काे मरियानुस की लाश दिखी। इस पर सभी आग-बबूला हो उठे और उसके घर की तलाशी ली। इस दाैरान दौरान सुदीप व प्रकाश गाय घर में छिपे मिले। दाेनाें काे बाहर निकालकर ग्रामीणों ने नीलम के साथ उनको रस्सी से बांध दिया। रात 12 बजे गांव में पंचायती हुई। पंचायत में तीनों को मौत के घाट उतारने का सामूहिक निर्णय हुआ। फिर ग्रामीणों ने लाठी डंडे व टांगी से मारकर तीनों ही हत्या कर दी।






from Dainik Bhaskar
Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads