पति के रवैये से परेशान एएसआई की पत्नी चौका-बर्तन कर बच्चों कर रही परवरिश, कोर्ट ने मदद करने का फैसला सुनाया
पुलिस लाइन में पदस्थापित एएसआई बिट्टू टुडू की पत्नी सोनादी किस्कू चौका-बर्तन कर अपने तीन बच्चों की परवरिश करने को मजबूर है। सोनादी किस्कू गोड्डा जिला के सरकंडा गांव में रहती है। कोर्ट ने सोनादी को खर्च हुए 10.30 लाख रुपए और हर माह 16 हजार देने का फैसला सुनाया था। इसके बाद भी एएसआई बिट्टू पत्नी को खर्च नहीं दे रहा। बुधवार को गोड्डा से सोनादी शहर पहुंची।
वह सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट से मिली और पति के रवैये की जानकारी दी। सिटी एसपी को सोनादी ने बताया कि वर्ष 2010 से उसने पति के खिलाफ थाना में प्रताड़ित व मारपीट करने का मामला दर्ज कराया था। हाईकोर्ट के निर्देश पर वर्ष 2018 में उसके पति को जेल भेजा गया। जमानत मिलने के बाद वह बाहर निकला और फिर ड्यूटी करने लगा। अभी पति ने दूसरी शादी कर ली है। वह दो बेटी और एक बेटा के साथ गोड्डा में रहती है। कोर्ट का फैसला भी उसके पति ने नहीं माना, जिसकी वजह से वह चौका-बर्तन कर अपने बच्चों की परवरिश करने को मजबूर है। पुलिस मामले में कार्रवाई करे।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें