दो व्यवसायियों से 2 लाख नगद समेत 5 लाख की संपत्ति की लूट
कुडू थाना क्षेत्र में रविवार देर रात नेशनल हाईवे 75 कुड़ू - चंदवा मुख्य पथ पर कुड़ू थाना से पांच किमी दूर पचम्बा मोड़ के समीप सड़क जाम कर छह बंदूकधारी अपराधियों ने रांची के दो व्यवसायियों से नकद समेत लगभग पांच लाख रुपए की सम्पति लूट ली। साथ ही तीन चार अन्य वाहनों में भी लूट पाट कर फरार हो गए। घटना की सूचना रात में ही कुडू पुलिस को मिली। जब तक पुलिस घटना स्थल पहुंचती अपराधी लूट-पाट की घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। घटना के बाद सोमवार को रांची के व्यवसायी के बयान पर कुड़ू थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया गया है।
रांची के दो व्यवसायी किसी काम से गढ़वा गए थे। गढ़वा से काम निपटाने के बाद रविवार रात लगभग दस बजे अपने चारपहिया वाहन से रांची लौट रहे थे। इसी बीच कुड़ू थाना क्षेत्र के पचम्बा मोड़ के समीप सड़क पर अपराधियों ने लूटपाट की नीयत से पेड़ की डाली गिराकर जाम कर वाहनों में लूटपाट करने की योजना बना रहे थे। उसी समय रांची के दोनों युवा मोड़ पर अपने वाहन से पहुंचे, इसी दौरान अपराधियों ने बंदूक दिखाकर गाड़ी का गेट खुलवाया अाैर दोनों को कब्जे में लेकर लूटपाट शुरू कर दी। दोनों व्यवसायियों से नकद लगभग दो लाख रुपए तथा सोने का चैन, सोने का ब्रासलेट, सोने की अंगूठी समेत अन्य सामान लुटकर फरार हो गए।
बताया गया कि अपराधियों की संख्या छह थी। सभी के चेहरे ढके हुए थे तथा तीन के पास हथियार था। थाना प्रभारी अनिल उरांव समेत पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे तब तक अपराधी फरार हो गए थे। पुलिस ने सड़क पर फेंके गए पेड़ की डाली को हटाया। थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि व्यवसायियों के बयान पर मामला दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें