ओरमांझी में मजदूर और छात्र की तालाब में डूबने से हुई मौत
ओरमांझी के मतातु गांव के मनरेगा मजदूर 40 वर्षीय बलराम महतो व नयाटोली आनंदी गांव के 16 वर्षीय इंटरमीडिएट का छात्र विजय महतो की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों अलग-अलग तालाब में नहाने गए थे। मृतक बलराम महतो की पत्नी ललिता देवी ने बताया कि रविवार को मनरेगा का काम करने के बाद दोपहर लगभग 1 बजे लंच समय में वे गांव के ही तालाब में नहाने गए थे। नहाने के क्रम में गहरे पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और लगभग 4 घंटे की मशक्कत के बाद तालाब से शव को बाहर निकाला। मृतक विजय महतो की भाभी ने बताया कि विजय अपनी बुआ के घर पार बारीडीह गांव गए थे। वहां वे अपने फुफेरे भाई के साथ तालाब में नहाने चले गए। इसी क्रम में वे गहरे पानी में डूब गए। तालाब में पत्थर से टकराने के कारण उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई थी।
फुफेरे भाई ने विजय को काफी बचाने का कोशिश की, लेकिन नहीं बचा पाए और उनकी मौत हो गई। परिवार की आर्थिक स्थिति दयनीय होने के कारण ग्रामीणों के सहयोग से विजय का शव को पोस्टमार्टम कराया जा सका।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें