सीएम ने कहा- स्वास्थ्य के क्षेत्र में अलग पहचान बनाएंगी झारखंड की बच्चियां, चान्हो नर्सिंग कौशल कॉलेज की छात्राओं को मिला नियुक्ति पत्र - AKB NEWS

सीएम ने कहा- स्वास्थ्य के क्षेत्र में अलग पहचान बनाएंगी झारखंड की बच्चियां, चान्हो नर्सिंग कौशल कॉलेज की छात्राओं को मिला नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य की बच्चियां आनेवाले समय में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाएंगी। राज्य की हुनरमंद बच्चियां आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होंगी। वह रांची के चान्हो के अतिरिक्त चाईबासा, सरायकेला, साहेबगंज की बच्चियों को प्रशिक्षण के बाद नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि आपका प्रशिक्षण पूरा हुआ, जिसकी परिकल्पना आप सभी ने की थी। यह हर्ष का दिन है।

बतौर नर्स नवजीवन का शुभारंभ आपके जीवन में हो रहा है। यह सुखद है कि आप सभी पढ़ लिखकर झारखंड के अतिरिक्त देश के विभिन्न राज्यों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई कड़ी के रूप में जुड़ कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की स्पेशल पर्पस ह्वेकिल प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित चान्हो नर्सिंग कौशल कॉलेज की छात्राओं के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बोल रहे थे।

प्रशिक्षण देने की व्यवस्था को और बेहतर बनाना है : चंपाई सोरेन

मंत्री अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण चंपाई सोरेन ने कहा कि चान्हो नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं का प्रशिक्षण पूर्ण हुआ। आज उन्हें नियुक्ति पत्र मिल रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में बच्चियों को प्रशिक्षण देने का कार्य निरंतर संचालित है। इसे और बेहतर करना है, ताकि गरीब परिवार की बच्चियों को अवसर मिले।

नर्स ट्रेनिंग प्राप्त 111 युवतियों को बडे़ अस्पतालों में मिला रोजगार

चान्हो नर्सिंग कॉलेज से 111 युवतियों ने नर्स की ट्रेनिंग की है। इनमें मुख्यमंत्री ने 31 युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। प्रशिक्षित नर्सों को पुणें, बेंगलुरू, मुंबई, दिल्ली और अन्य राज्यों के अस्पतालों में सेवा देने का मौका मिलेगा। इनमें 60 नर्स अपोलो ग्रुप, 31 नर्स नाइन क्लाउड हॉस्पिटल एवं 20 नर्स मेदांता व अन्य अस्पतालों से जुड़ेंगी।

एसपीवी की सराहना...

प्रेझा फाउंडेशन ने युवाओं को मौका उपलब्ध कराया

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेझा फाउंडेशन ने स्वास्थ्य सेवा में सुनहरी कड़ी जोड़ने का कार्य किया है। कोरोना संक्रमण के दौर में विश्व स्तरीय लेबोरेटरी की स्थापना प्रेझा द्वारा की गई। कई युवक- युवतियों को अवसर प्रदान कर उनकी बेहतरी के लिए कार्य किया है। प्रेझा ने शिक्षा के साथ-साथ रोजगार से भी आच्छादित करने का कार्य किया है। इस प्रशिक्षण को पूर्ण कराने में एचडीएफसी बैंक की भूमिका भी सराहनीय है। मौके पर श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, विभागीय सचिव अमिताभ कौशल व अन्य उपस्थित थे।



Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads