बिना मास्क 301 दोपहिया वाहन चालकों से वसूला 1.5 लाख जुर्माना, सेना और पुलिस जवान का कटा चालान
रांची में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क चेकिंग अभियान की शुरुआत बुधवार को प्रमुख चौक-चौराहों पर हुई। पहले दिन ट्रैफिक पुलिस ने बिना मास्क 301 दो पहिया वाहन चालकों से 150500 लाख रुपए का जुर्माना वसूला। पर कोरोना जांच नहीं कराई गई। चेकिंग के दौरान पुलिस और लोगों में नोकझोंक भी हुई। वहीं, पैदल या चार पहिया में बिना मास्क के चलने वालों को खुली छूट दी गई। जांच में लगे जवानों ने कहा कि उन्हें सिर्फ टू व्हीलर की जांच करने को कहा गया है।

इधर, मास्क नहीं पहनने वालों पर कार्रवाई का आदेश देने वाले डीसी-एसएसपी सहित जिला तमाम आला अधिकारी जहां बैठते हैं, वहां मास्क चेकिंग की कोई व्यवस्था नहीं थी। कोई रोक-टोक नहीं होने से लोग बेफिक्र होकर बिना मास्क पहने या हाथ में पकड़े घूमते नजर आए।
सचेत रहें, आज मेन रोड में पुलिस करेगी जांच

ट्रैफिक पुलिस की चारों थाने की टीमें गुरुवार को अलबर्ट एक्का चौक और मेन रोड पर अलग-अलग स्थानों पर मास्क चेकिंग अभियान चलाएगी। इसलिए आज घर से निकलते समय मास्क जरूर पहनें, नहीं तो परेशानी में पड़ सकते हैं।
बरियातू थाना के जवान से वसूले 5500 रुपए
मास्क नहीं पहने वालों में आम लोगों के साथ पुलिस व सेना के जवान भी पकड़े गए। जेल मोड़ चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने इनका भी चालान काटा। बरियातू थाना में पदस्थापित पुलिस जवान बिना लाइसेंस के ही चल रहे थे। ऐसे में पांच हजार रुपए का अतिरिक्त जुर्माना लगता। उन्हें लाइसेंस मंगाना पड़ा। इसके बाद 500 रुपए का ऑनलाइन चालान काटा गया।
ये रही चौक-चौराहों की स्थिति
रतन टॉकिज चौक, दोपहर 1:00 बजे
अन्य ट्रैफिक पोस्ट की तरह यहां भी बिना मास्क पहने लोगों पर अभियान चलाया गया। दोपहर तक यहां 4 लोगों का चालान काटा गया था।
सुजाता चौक, दोपहर 1.40 बजे
अन्य चौराहों की तुलना में यहां बिना मास्क के वाहन चलाने वाले ट्रैफिक पुलिस को कम मिले। दोपहर तक दो लोगों का चालान कटा।
मिशन चौक, दोपहर 1.44 बजे
बिना मास्क के गुजरतेे एक युवक पुलिस के रोकने पर उलझ गया। ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस ने 5500 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
कांटा टोली चौक, दोपहर 2.13 बजे
बिना मास्क बाइक पर सवार दो युवकों ने बताया कि वे भी पुलिस से हैं। मगर जवानों ने 500 रुपए का चालान काटा।
राजेंद्र चौक, दोपहर 2.15 बजे
यहां दोपहर तक कोई चालान नहीं काटा गया गया था। बिना मास्क पहने लोगों को सिर्फ समझा कर छोड़ दिया गया।
खादगढ़ा बस स्टैंड, दोपहर 2.28 बजे
यहां बिना मास्क के बस एजेंट और यात्री बैठे नजर आए। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा था।
अधूरी तैयारी के बीच शुरू हुआ अभियान
क्या होना था
- जो व्यक्ति बिना मास्क के मिलेंगे, उनकी स्टेटिक टेस्टिंग सेंटर में कोरोना जांच कराई जाएगी।
- रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर व्यक्ति को होम आइसोलेशन की बजाय कोविड-19 सेंटर भेजा जाएगा।
- जांच के लिए सैनिक मार्केट और जिला स्कूल में कोरोना जांच के लिए स्टेटिक सेंटर खोला जाएगा।
- बिना मास्क के पकड़े गए लोगों की जांच कराने के लिए जिला प्रशासन ने कहीं टीम तैनात कहीं की।
- मोबाइल टेस्टिंग वैन भी शहर की सड़क पर नजर नहीं आई।
क्या हुआ
- एक-दो को छोड़कर किसी की जांच नहीं कराई गई, सिर्फ चालान काटकर छोड़ दिया गया।
- रिम्स, सदर अस्पताल, सीसीएल हॉस्पिटल को छोड़ सभी कोविडसेंटर बंद हैं। पॉजिटिव मरीजों को कहां रखा जाएगा स्पष्ट नहीं।
- जिला स्कूल में एक स्टेटिक सेंटर चल रहा है। वहीं, सैनिक मार्केट में गुरुवार को नया स्टेटिक सेंटर नहीं खोला गया।
- सिर्फ ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जांच अभियान चलाया, {बिना मास्क के पकड़े गए लोगों की जांच के लिए अतिरिक्त टीम तैनात नहीं हुई।
जरूरत पड़ने पर सभी कोविड केयर सेंटर तैयार हो जाएंगे
स्टैटिक सेंटर में पुलिस के जवान लेकर जाएंगे। सैनिक मार्केट में गुरुवार तक बनाया जा सकता है। मोबाइल वैन भी रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर कोविड केयर सेंटर तैयार हो जाएगा। वैसे वर्तमान अगर पुलिस किसी की जांच कराती है और वो पॉजिटिव मिलता है तो उसे सदर अस्पताल में रखा जाएगा।
-डॉ. वीबी प्रसाद, सिविल सर्जन रांची
समाहरणालय में आज से अवेयरनेस कार्यक्रम चलेगा
कोविड संक्रमण से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थलों पर सभी को मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। समाहरणालय परिसर और कार्यालय में भी सख्ती बरती जाएगी। कल से अवेयरनेस कार्यक्रम चलेगा। सख्ती से अभियान चलाने के लिए टीम का गठन हो गया है।
-अनन्य मित्तल, डीडीसी, रांची

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें