अब पूरा देश देखेगा मनरेगा से झारखंड में कैसे आया बदलाव, केंद्र सरकार बनाएगी एक लघु फिल्म - AKB NEWS

अब पूरा देश देखेगा मनरेगा से झारखंड में कैसे आया बदलाव, केंद्र सरकार बनाएगी एक लघु फिल्म

राजधानी रांची के ओरमांझी प्रखंड स्थित आरा-केरम गांव आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है। साफ-सुथरा और मच्छर मुक्त यह गांव पूरी तरह नशामुक्त है। यहां के लोग देश के दूसरे राज्यों के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में भी इस गांव का जिक्र दो-दो बार करके यहां के लोगों से प्रेरणा लेने की बात कही है।

केंद्र सरकार अब इस गांव की तस्वीर पूरे देश को दिखाने के लिए एक लघु फिल्म बनवा रही है, ताकि डिजिटल माध्यम से आरा-केरम गांव की जानकारी पूरे देशवासियों के साथ साझा की जा सके। केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की चार सदस्यीय टीम 1 नवंबर को रांची पहुंच रही है। यह टीम 4 नवंबर तक आरा-केरम गांव में मनरेगा के जरिए आम की बागवानी और पशु शेड बनाकर लाभ कमा रहे लोगों पर एक सक्सेस स्टोरी शूट करेगी।

ओरमांझी के आरा-केरम व खूंटी में होगी फिल्म की शूटिंग

केंद्रीय टीम खूंटी जिले के गुनी, मानपुर आदि गांवों में जाकर भी लघु फिल्म तैयार करेगी। दरअसल, केंद्र सरकार ने खुद माना है कि कोरोना संक्रमण काल में मनरेगा के अंतर्गत बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के साथ-साथ किसानों और ग्रामीणों के लिए स्थायी परिसंपत्तियों का भी निर्माण किया गया है। कुआं, तालाब या बागवानी जैसी स्थायी संपत्तियां सालों-साल ग्रामीणों की आय का साधन बनेंगी। अब देश के चुनिंदा जिलों का चयन कर सक्सेस स्टोरी फिल्म केंद्र सरकार के स्तर से तैयार की जा रही है।

जिलों से मांगी अनुबंध कर्मियों की रिपोर्ट

ग्रामीण विकास विभाग ने राज्य के सभी डीडीसी से डीआरडीए में काम कर रहे अनुबंध या संविदा कर्मियों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इनके नियमितीकरण को लेकर बनी कमेटी को यह रिपोर्ट सौंपी जाएगी। अनुबंध कर्मचारी स्थायीकरण की मांग को लेकर आंदोलनरत रहे हैं।

जल संरक्षण व बागवानी पर काफी काम हुआ

जल संरक्षण व बागवानी के क्षेत्र में काफी कुछ नया किया गया है। हाल ही में 35 दिनों के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत 1.62 करोड़ मानव दिवस का सृजन हुआ। इसे अब अगले 105 दिनों के लिए चलाया जा रहा है, इसके तहत 4 करोड़ मानव दिवस के सृजन का लक्ष्य रखा गया है।



Previous article
Next article

Leave Comments

एक टिप्पणी भेजें

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads