जमुई में पति ने शराब के नशे में की मारपीट तो जहर खाकर दे दी जान, झाझा थाना क्षेत्र की घटना, हालात बिगड़ने पर आराेपी घर छोड़ फरार
शराब के नशे में पति ने मारपीट की तो महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। झाझा थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव निवासी विनोद यादव नशे में हर दिन पत्नी हेमंती देवी के साथ मारपीट करता था। गुरुवार की शाम भी विनोद ने पत्नी के साथ मारपीट की। इससे नाराज महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर आरोपी पति उसे छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी के बाद परिजन उसे रेफरल अस्पताल झाझा लाए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल भेज दिया। देर रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सदर थाने की पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
इधर, पत्नी से झगड़े के बाद फांसी लगा की आत्महत्या
घरेलू विवाद में पत्नी से झड़प के बाद युवक ने फांसी लगा आत्महत्या कर ली। खैरा थाना क्षेत्र के दरिमा गांव निवासी जगदीश यादव के 28 वर्षीय पुत्र हरि यादव तथा उसकी पत्नी के बीच बीती रात हाथापाई हो गई। इससे नाराज होकर हरि कमरे से निकल गया। पत्नी को लगा कि गुस्से में गए हैं, कुछ देर में आ जाएंगे। शुक्रवार सुबह गांव के लोगों को नदी किनारे एक पेड़ से लटका युवक का शव दिखा। बाद में उसकी शिनाख्त हरि के रूप में की गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें