पहली बार 24 को चर्चों में नहीं होगी मिडनाइट सर्विस भीड़ कम करने के लिए किए जाएंगे विशेष बंदोबस्त
प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन क्रिसमस पर इस बार नजारा कुछ बदला हुआ दिखेगा। कोरोना संक्रमण के कारण कार्यक्रम में बदलाव किए गए हैं। पहली बार कई चर्च में मिडनाइट सर्विस की बजाए शाम छह बजे प्रार्थना होगी। इस बार बिशप भी सभा मे शामिल नहीं होंगे। वहीं, कुछ चर्च में रात 10 से 11 बजे तक प्रार्थना होगी। गोलमुरी संत जोसेफ चर्च के फादर एडवेंन ने बताया राज्य सरकार की गाइडलाइंस का पालन करते हुए कैथोलिक और प्रोटेसटेंट चर्च में बड़े पैमाने पर कार्यक्रम नहीं होंगे।
24 दिसंबर की शाम छह बजे से कोरोना गाइडलाइन के तहत प्रार्थना कराई जाएगी, जबकि सीएनआई चर्च में 25 दिसंबर की सुबह नाै बजे सर्विस होगी। 25 दिसंबर की सुबह से शाम तक चर्च खुला रहेगा। पुरोहित और चुनिंदा लोग ही इसमें शामिल होंगे। फादर एडवेंन ने बताया कोरोना संक्रमण से बचाव के तहत सभी चर्च को प्लान भेजा गया है। इसमें सिटिंग प्लान, सोशल डिस्टेंसिंग, सैनेटाइजर, नो मास्क-नो एंट्री का अनुपालना कराने को कहा गया है। चर्च में भीड़ जमा नहीं हो इसके लिए विशेष बंदोबस्त किए जाएंगे।
क्रिसमस की तैयारी में जुटे समाज के लोग
घरों में रंगाई-पुताई कराई जा रही है। बाजारों में दुकान और मॉल भी सजने लगे हैं। दुकानदारों ने क्रिसमस ट्री, प्रभु यीशु के क्रॉस, माला, ब्रेसलेट, की-चेन, कार्ड, सॉफ्ट टॉय, विशेष कप, टॉफी, पर्स, केक सहित अन्य सामान मंगाए हैं। इस बार समाज के कई लोग बाजार से खरीदने की बजाए घर पर ही क्रिसमस ट्री, चरनी व गोशाला बना रहे हैं।
कोरोना असर- रात में नहीं काटा जाएगा केक
बिष्टुपुर संत मेरीज कैथोलिक चर्च के फादर एडवर्ड ने बताया 24 दिसंबर की मिड नाइट में होने वाली पार्टी नहीं होगी, केक भी नहीं काटा जाएगा। दिन के समय सभी लोग चर्च में एकत्रित होंगे व सोशल डिस्टेंसिंग रखते हुए यीशु के गीत गाएंगे। क्रिसमस के दिन भी चर्च में शाम छह से 8.30 बजे तक कार्यक्रम होगा। इसके बाद कोई भी चर्च के अंदर नहीं रहेगा।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें