घर में अलमीरा ठीक करने आए कारीगर ने साेने की चेन चोरी की, पूछताछ में कर्मी ने अपनी गलती स्वीकारी और सोने की चेन लौटा दी
मानगो थाना अंतर्गत आशियाना अनंतारा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1012 में रहने वाले रमेश अग्रवाल के घर में गुरुवार को अलमीरा ठीक करने के दौरान कर्मी निर्मल ताड़ी ने सोने की चेन की चोरी कर ली। चोरी की जानकारी होने के बाद रमेश अग्रवाल को अलमीरा ठीक करने वाले कर्मी पर शक हुआ, उसके खिलाफ रमेश अग्रवाल ने थाना में शिकायत भी की। पुलिस के कहने पर शुक्रवार को उसे दोबारा अलमीरा का लॉक ठीक करने के लिए बुलाया गया। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो कर्मी ने अपनी गलती स्वीकारी और सोने की चेन लौटा दी।
इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाना ले आई। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया- शिकायत मिलने पर आरोपी को जेल भेजा जाएगा। पीड़ित परिवार द्वारा अभी तक लिखित शिकायत नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार बिष्टुपुर की फर्नीचर दुकान से रमेश अग्रवाल की पत्नी ने कर्मी को अलमीरा ठीक करने के लिए बुलाया था। काम करने के दौरान उसने चोरी कर ली।
चोरी की जानकारी मिलने पर रमेश अग्रवाल भाजपा नेता विकास सिंह के साथ थाना पहुंचे और शिकायत की। अलमीरा ठीक करने वाले कर्मी पर चोरी का शक जताया। शिकायत के बाद पुलिस ने उसकी काफी खोजबीन की पर वह नहीं मिला। थानेदार के बोलने पर रमेश अग्रवाल की पत्नी ने उक्त कर्मी को दोबारा काम करने के लिए घर बुलाया, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें