टाटा-छपरा स्पेशल ट्रेन से आसनसोल में महिला और दो बच्चे गायब, केस दर्ज
टाटा-छपरा स्पेशल ट्रेन से समस्तीपुर से टाटानगर आ रही एक महिला और दो बच्चों के गायब होने का मामला सामने आया है। इस मामले में महिला के पति ने टाटा रेल थाने के मार्फत आसनसोल रेल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता पति मधुबनी निवासी संदीप कुमार झा ने बताया कि वे टाटा-छपरा ट्रेन से 2 दिसंबर को समस्तीपुर से टाटानगर के लिए निकले थे।
बरौनी से आसनसोल के बीच उनकी पत्नी पूजा देवी व दो बच्चे बोगी नंबर एस 1 के सीट नंबर 32 व 43 पर यात्रा कर रहे थे। आसनसोल के पास ही उनकी पत्नी, दो बच्चे और दो बैग के साथ गायब हो गई। जब आसनसोल में पत्नी के सीट पर आकर देखा तो कोई नहीं मिला। आसपास के यात्रियों से पूछताछ में भी कुछ मालूम नहीं चल सका। ऐसे में ट्रेन के टाटानगर पहुंचने पर वे शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
पति संदीप कुमार ने कहा- पत्नी के पास दो मोबाइल, लेकिन उठा नहीं रही
संदीप कुमार झा ने रेल पुलिस से मामले में शिकायत दर्ज करते हुए मदद की गुहार लगाई है। संदीप कुमार ने शिकायत में बताया है कि उनकी पत्नी के पास दो मोबाइल भी है, लेकिन वह फोन उठा नहीं रही है। ऐसे मे रेल पुलिस इस मामले काे घरेलू झगड़े के तौर भी देख रही है। टाटा-छपरा ट्रेन से गायब होने वालों में पत्नी पूजा के साथ ही तीन साल की अनुष्का कुमारी और दो वर्षीय अनिकेत कुमार है। रेल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सीतारामडेरा: उलीडीह से लापता युवक का मिला शव
सीतारामडेरा थाना के कल्याण नगर में नदी किनारे गुरुवार की शाम पुलिस ने एक युवक का शव बरामद की। शव की पहचान उलीडीह थाना के फुटबॉल मैदान के पास रहने वाले विशाल सिंह सरदार (35) के रूप में हुई। परिजनों ने नदी किनारे पहुंच शव की पहचान की। इस मामले में मृतक की पत्नी मनी देवी के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है।
पत्नी के अनुसार विशाल सिंह सरदार पिछले रविवार से लापता था। उसे मिर्गी की बीमारी थी। आशंका है कि नदी में नहाने के दौरान उसे मिर्गी का दौरा आया होगा और वह नदी में डूब गया। बहता हुआ वह कल्याणनगर पहुंच गया।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें