मैट्रिक का फाॅर्म भरने के लिए पोर्टल पर नहीं दिख रहा लिंक, 2 जनवरी से भरा जाना था परीक्षा फाॅर्म
झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के फॉर्म भरने से संबंधित बड़ी लापरवाही सामने आई है। 30 दिसंबर काे जैक ने कहा था- छात्र 2 जनवरी से जैक की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन परीक्षा फाॅर्म भर सकेंगे। लेकिन, रविवार तक जैक की वेबसाइट पर मैट्रिक परीक्षा फाॅर्म भरने के लिए लिंक नहीं दिया गया है। इंटरमीडिएट के लिए लिंक दिया गया है तो वह भी त्रुटिपूर्ण है। विद्यार्थियों का चेक लिस्ट प्रिंट नहीं हो पा रहा है।
विद्यार्थियों का जो डिटेल्स पोर्टल पर दिख रहा है वह 11वीं की परीक्षा के लिए परिषद की ओर जारी प्रवेश पत्र से अलग है। उक्त डिटेल्स में 11वीं परीक्षा में अंकित विद्यार्थी का नाम, उनके माता-पिता का नाम एवं अन्य जानकारी सही रहने के बावजूद 12वीं के परीक्षा फॉर्म भरने के लिए परिषद के पोर्टल पर दिए गए विवरण में त्रुटि है।
माॅडल सेट में भी त्रुटियां
जैक की ओर से कक्षा 8-9 का जो मॉडल सेट डाला गया है उसमें भी त्रुटियां हैं। कई प्रश्न पुराने सिलेबस से दिए गए हैं। कक्षा 8 के मॉडल सेट में प्रश्न संख्या 71, 72, 75, 76, 79, एवं 80 पुराने सिलेबस से दिए गए हैं। कक्षा 9 के सामाजिक विज्ञान में प्रश्न संख्या 29 भी विलोपित पाठ से दिया गया है। इसी प्रकार अन्य विषयों में भी त्रुटि किया गया है। इससे छात्र एवं शिक्षक दोनों ही परेशान हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद जैक ने इसे अविलंब सुधारने की बात कही है।

Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें