शेयर मार्केट LIVE:सेंसेक्स में 356 अंकों की गिरावट; इंडेक्स 48 हजार के नीचे पहुंचा, रिलायंस का शेयर 2% टूटा: मुंबई
दुनियाभर के शेयर बाजारों में सपाट कारोबार के चलते घरेलू बाजार की भी शुरुआत सपाट हुई। फिलहाल सेंसेक्स 48 हजार और निफ्टी 14,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। ओवरऑल गिरावट में ऑटो, मेटल और बैंकिंग शेयर सबसे आगे हैं।
सुबह 09:57 बजे BSE का सेंसेक्स 356 अंकों की गिरावट के साथ 47,990.65 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स 20 दिन पहले 6 जनवरी को 48 हजार के स्तर से नीचे आया था, जब सेंसेक्स 47,900 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसमें हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 2% तक की गिरावट है। एक्सचेंज पर 2,330 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 765 बढ़त और 1,469 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। चौतरफा गिरावट के चलते लिस्टेड कंपनियों का कल मार्केट कैप 191.07 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
इसी तरह निफ्टी इंडेक्स भी 102 अंक नीचे 14,136.25 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में हिंडाल्को और आयशर मोटर के शेयरों में 3.54% तक की गिरावट है। टाटा मोटर्स, IOC और रिलायंस के शेयरों में भी 2-2% तक की गिरावट है। वहीं, IT कंपनी विप्रो का शेयर 2.66% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।
स्क्रैपेज पॉलिसी को मंजूरी
सड़कों से गाड़ियों का पॉल्युशन कम करने और पुरानी गाड़ियों को हटाने के लिए सड़क परिवहन मंत्रालय ने पुराने वाहनों को नष्ट करने की नीति को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा सरकार ने पुराने वाहनों पर नया ग्रीन टैक्स लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी कर दिया है। इसके तहत 15 साल से पुराने वाहनों को नष्ट करने में सहूलियत होगी। इस नियम के दायरे में पहले सरकारी विभागों में खड़ी 15 साल पुरानी गाड़ियां आएंगी।
2021 में भारत डबल डिजिट ग्रोथ वाला पहला देश होगा
इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) ने कैलेंडर ईयर 2021 में भारतीय अर्थव्यवस्था में 11.5% और यूनाइटेड नेशंस (UN) ने 7.3% की दर से ग्रोथ का अनुमान जताया है। IMF ने कहा है कि 2021 में भारत डबल डिजिट में ग्रोथ करने वाले दुनिया का पहला देश होगा। कोविड-19 महामारी के बावजूद भारत यह उपलब्धि हासिल कर सकता है। IMF की ओर से मंगलवार को जारी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक में कहा गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में तेज वापसी दिखाई दे रही है। दूसरी ओर, फिक्की के मुताबिक 2020-21 में भारत की जीडीपी 8% फिसल सकती है।
वैश्विक बाजारों में सपाट कारोबार
बुधवार को दुनियाभर के बाजारों में सपाट कारोबार दर्ज किया जा रहा है। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई इंडेक्स 0.24% और हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 0.02% ऊपर कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.07%, कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.01% और ऑस्ट्रेलियाई शेयर बाजार भी सपाट कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले अमेरिकी बाजारों में भी सुस्ती रही थी। हालांकि, यूरोप के बाजार मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए थे। इसमें जर्मनी का DAX इंडेक्स 1.66% ऊपर और फ्रांस CAC इंडेक्स 0.94% ऊपर कारोबार कर रहे हैं।
25 जनवरी को सेंसेक्स 531 अंकों की गिरावट के साथ 48,347.59 पर और निफ्टी 133 अंक नीचे 14,238.90 पर बंद हुआ था। एक्सचेंज डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध 765.30 करोड़ रु. और घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 387.76 करोड़ रु. के शेयर बेचे थे।
09:46 AM BSE मेटल इंडेक्स 2% नीचे कारोबार कर रहा है। इंडेक्स में जिंदल स्टील का शेयर 4.36% और हिंडाल्को का शेयर 3.91% नीचे कारोबार कर रहे हैं।
09:28 AM BSE ऑटो इंडेक्स 1.50% फिसल गया है। इसमें अशोक लेलैंड का शेयर सबसे ज्यादा 5% नीचे है। इसी तरह टाटा मोटर्स का शेयर 3.87% नीचे कारोबार कर रहा है।
09:24 AM सेंसेक्स में शामिल 30 में से 23 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसमें दिग्गज रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.99% फिसल गया है। दूसरी ओर, अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 1.60% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।
09:15 AM BSE सेंसेक्स 37.69 अंक ऊपर 48,385.28 पर और निफ्टी 14,237.95 सपाट खुला।
दुनियाभर के बाजारों का हाल







Leave Comments
एक टिप्पणी भेजें